‘₹5 करोड़ नहीं दिए तो टिकट नहीं मिला’: पूर्व क्रिकेटर और MLA मनोज तिवारी ने लगाए TMC पर भ्रष्टाचार का आरोप, पार्टी से नाता तोड़ा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में TMC की करारी हार के बाद पूर्व क्रिकेटर और निवर्तमान विधायक मनोज तिवारी ने अपनी ही पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि 2026 के चुनाव में उन्हें टिकट इसलिए नहीं दिया गया क्योंकि उन्होंने 5 करोड़ रुपए देने से इनकार कर दिया था। मनोज तिवारी ने कहा कि अब पार्टी के साथ उनका नाता पूरी तरह खत्म हो चुका है।

भ्रष्टाचार और टिकट का ‘रेट कार्ड’

मनोज तिवारी का आरोप है कि इस चुनाव में लगभग 70 से 72 उम्मीदवारों ने टिकट पाने के लिए 5-5 करोड़ रुपए दिए हैं। उन्होंने ममता बनर्जी की हार की मुख्य वजह भ्रष्टाचार और जमीनी स्तर पर विकास कार्य न होना बताया। उन्होंने साफ कहा कि पार्टी में केवल उन्हीं लोगों को जगह मिली जो मोटी रकम दे सकते थे।

मंत्री पद को बताया सिर्फ दिखावा

पूर्व खेल राज्य मंत्री रहे तिवारी ने बताया कि पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है। मंत्री पद सिर्फ दिखावा था और सारे फैसले ऊपर से लिए जाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र शिवपुर में ड्रेनेज और सीवेज जैसी बुनियादी समस्याओं के लिए भी फंड नहीं मिला। कई काम तो उन्होंने अपनी जेब से पैसे खर्च कर करवाए।