ब्रिटेन से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने डिजिटल सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 36 वर्षीय असद हुसैन नामक एक शख्स ने अपनी पूर्व प्रेमिका से बदला लेने के नीचता की हदें पार करते हुए उसके नाम से फर्जी टिंडर प्रोफाइल बनाकर न सिर्फ उसे बदनाम किया बल्कि अनजान पुरुषों को उसके घर तक भेजकर उसके साथ बलात्कार करने के लिए उकसाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्रेटर मैनचेस्टर के चीड़ल के रहने वाले असद हुसैन के उकसाने पर कम से कम 18 पुरुष महिला के घर तक पहुँच गए क्योंकि उन्हें लगा कि वे उसी महिला से बात कर रहे हैं जबकि असल में सारे संदेश हुसैन ही भेज रहा था। पुलिस ने अपने अब तक के सबसे ‘डरावने मामलों’ में से एक बताया है।
जुलाई 2024 में असद और उसकी प्रेमिका के रिश्ते खत्म होने के बाद यह मामला शुरू हुआ था। आरोप है कि ब्रेकअप के ठीक एक महीने बाद हुसैन ने महिला के नाम से नकली टिंडर अकाउंट बनाया और उसमें ऐसे मेसेज करने शुरू किए जिनमें ‘रेप फैंटेसी’ जैसी खतरनाक बातें लिखी जाती थीं। यौन हिंसा को बढ़ावा देने वाले इन संदेशों में यह भी कहा जाता था कि अगर महिला ‘ना’ कहे तो इसका मतलब है कि वह ‘और ज्यादा चाहती है’।
महिला के घर जुलाई 2024 से अनजान पुरुषों का आना शुरू हो गया। ये सभी लोग दावा करते थे कि उन्होंने टिंडर पर महिला से मैच किया है और उसी के कहने पर यहाँ आए हैं। एक बार तो महिला के घर एक ही चार में चार अलग-अलग पुरुष पहुँच गए। इनमें से एक शख्स ने धक्का देकर शीशे का पैनल तोड़ दिया क्योंकि मेसेज में उसके साथ हिंसक व्यवहार की बात की गई थीं।
कई पुरुषों ने बाद में पुलिस को अपनी जानकारी दी जिससे जाँच में मदद मिली और असद को गिरफ्तार कर लिया गया। चेस्टर क्राउन कोर्ट में नौ दिन चली सुनवाई के बाद अदालत ने हुसैन को स्टॉकिंग (पीछा करने और उत्पीड़न) का दोषी करार दिया है। उसकी सजा जून में सुनाई जाएगी।

