जेल में कैदी धर्मेंद से जेलर फिरोजा खातून को हुआ प्यार, छूटने के 4 साल बाद हिंदू रीति-रिवाज से की शादी: VHP ने किया कन्यादान, MP के सतना का मामला

मध्य प्रदेश के सतना की सेंट्रल जेल में तैनात सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून ने उम्रकैद की सजा काट चुके पूर्व कैदी धर्मेंद्र सिंह उर्फ अभिलाष से हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली। दोनों की मुलाकात जेल में ड्यूटी के दौरान हुई थी। फिरोजा जेल में वारंट इंचार्ज थीं, जबकि धर्मेंद्र जेल के भीतर वारंट से जुड़ा काम करता था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, धर्मेंद्र छतरपुर जिले के चंदला का रहने वाला है। साल 2007 में नगर परिषद के तत्कालीन उपाध्यक्ष कृष्णदत्त दीक्षित की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद अच्छे आचरण के आधार पर 2022 में उसे रिहा किया गया था। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों संपर्क में रहे और आखिरकार शादी का फैसला लिया।

5 मई को छतरपुर जिले के लवकुशनगर में दोनों की शादी वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज से हुई। धर्म अलग होने की वजह से फिरोजा के परिवार ने शादी का विरोध किया और समारोह में शामिल नहीं हुआ। ऐसे में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष राजबहादुर मिश्रा और उनकी पत्नी ने कन्यादान की रस्म निभाई। शादी के बाद यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।