किम जोंग उन को कुछ हुआ तो होगा ऑटोमैटिक न्यूक्लियर अटैक, नॉर्थ कोरिया के संविधान में किया गया बड़ा बदलाव: दक्षिण कोरिया ने किया खुलासा

उत्तर कोरिया ने अपने संविधान में बड़ा बदलाव किया है। अब अगर किम जोंग उन की हत्या हो जाती है या विदेशी हमले में देश की कमांड व्यवस्था नष्ट हो जाती है, तो सेना को ऑटोमैटिक परमाणु हथियारों से जवाबी हमला करना होगा। इसके लिए किसी अलग आदेश की जरूरत नहीं पड़ेगी यानी उत्तर कोरिया की सेना बगैर आदेश के परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकेगी।

यह नया प्रावधान 22 मार्च 2026 को प्योंगयांग में हुई 15वीं सुप्रीम पीपुल्स असेंबली में अपनाया गया, जिसे अब सार्वजनिक किया गया है। माना जा रहा है कि अमेरिका और इजरायल की ईरान पर किए गए अचानक हमले को देखते हुए उत्तर कोरिया ने ये कदम उठाया है। दरअसल अमेरिका-इजरायल ने शुरुआती हमले में ही ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की हत्या कर दी थी।

दक्षिण कोरिया ने इसका खुलासा किया है। नए नियम के मुताबिक, उत्तर कोरिया के कमांड सिस्टम को किसी तरह का खतरा होने पर किसी के परमिशन की जरूरत नहीं होगी। पहले इस तरह के आदेश मौखिक तौर पर दिए गए थे। लेकिन, अब इसे संविधान में लिख दिया गया है।