पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान जिले के कालना कस्बे से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ बकरीद से पहले 54 साल के जफर अली शेख ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि जफर की बीवी ने बकरीद पर जानवरों की कुर्बानी से इनकार किया था, जिसके बाद जफर ने यह कदम उठाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जफर अली शेख पेशे से ई-रिक्शा चालक था। बकरीद के मौके पर कुर्बानी देने के लिए जफर ने बाजार से एक बकरा खरीदा था। लेकिन बंगाल में जानवरों की कुर्बानी पर लगे प्रतिबंध के बाद जफर की बीवी ने किसी भी जानवर की कुर्बानी के लिए मना किया।
इसी बात को लेकर मियाँ-बीवी के बीच तीखी बहस हुई। विवाद बढ़ने के बाद जफर अली शेख अपने कमरे में चला गया औऱ अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद परिवार को शक हुआ तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जफर शेख फंदे से लटका मिला। जफर को अस्पाल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी देते हुए जफर के बेटे बादशाह ने बताया, “इस बार ईद पर गाय की कुर्बानी को लेकर परिवार में डर और असमंजस का माहौल था। इसी वजह से अम्मी किसी भी तरह की कुर्बानी नहीं चाहती थीं। लेकिन अब्बा हर साल की तरह इस बार भी कुर्बानी पर अड़े हुए थे और उन्होंने गाय की जगह बकरा खरीद लिया था। इसी मुद्दे पर विवाद बढ़ा और उसके अब्बा ने खुदकुशी कर ली।”

