जो TMC पार्षद खाता था PM आवास योजना का पैसा, उसके ‘करीबी’ को स्थानीयों ने अधनंगी अवस्था में दौड़ा-दौड़ा कर कूटा: जूते-चप्पल मारने की Video आई सामने

बंगाल में BJP की जीत के बाद लगातार TMC नेताओं की हकीकत सामने आ रही है। किसी के पास काला धन बरामद हो रहा है तो कोई रिश्वत लेते पकड़ा जा रहा है। इसी क्रम में बीरभूम जिले के दुबराजपुर में TMC पार्षद भास्कर रुज पर प्रधानमंत्री आवास योजना में घर दिलाने के नाम पर कटमनी (रिश्वत) लेने का आरोप है, जिससे गुस्साए लोगों ने उनके करीबी को अधनग्न कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, दुबराजपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 के TMC पार्षद भास्कर रुज पर लंबे समय से प्रधानमंत्री आवास योजना में घर दिलाने के नाम पर कटमनी लेने का आरोप लग रहा था। आरोप है कि किसी से ₹10000, किसी से ₹15000 तो किसी से ₹30000 तक लिए गए। गरीब लोग काफी समय से अपने पैसे वापस मिलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। इससे लोगों का गुस्सा बढ़ता गया।

गुरुवार (28 मई 2026) दोपहर बड़ी संख्या में लोग कटमनी का पैसा वापस करने की माँग को लेकर पार्षद के घर के सामने जमा हो गए। भीड़ को देख पार्षद भास्कर रुज घर के भीतर बंद हो गए। उन्हें सामने न पाकर गुस्साए लोगों ने उनके करीबी सहयोगी और स्थानीय TMC नेता धनंजय गड़ाई उर्फ धन्नू मास्टर को घेर लिया। देखते ही देखते लोगों ने उनकी जूतों से पिटाई शुरू कर दी।

सामने आए वीडियो में TMC नेता शर्टलैस होकर अपनी जान बचाने के लिए दौड़ते नजर आ रहे हैं। वहीं गुस्साई भीड़ उन्हें पकड़कर चप्पल-जूतों से मार रही है। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो भी बनाया। इसमें महिलाओं का भी गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने कहा कि गरीबों का हक खाने वाले को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।