प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (3 जून 2026) को केंद्रीय कैबिनेट ने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 39,290 करोड़ रुपए के 6 बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है।
इस मेगा पैकेज से देश में नए नेशनल हाईवे बनेंगे और विमानन क्षेत्र (एविएशन इंडस्ट्री) को वित्तीय संकट से बचाया जाएगा। इसके साथ ही दिल्ली में प्रदूषण कम करने के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया है।
हवाई यात्रियों को राहत, बनेगा ATF फंड
अंतरराष्ट्रीय बाजार में विमान ईंधन (ATF) की बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए सरकार ने 10,000 करोड़ रुपए का ‘एटीएफ प्राइस स्टेबलाइजेशन फंड‘ बनाने का फैसला किया है। इससे घरेलू उड़ानों के लिए ईंधन की कीमत 75.6 रुपए प्रति लीटर तय रहेगी। इस फैसले से हवाई किराया नहीं बढ़ेगा और विमानन क्षेत्र से जुड़ी करीब 77 लाख नौकरियाँ सुरक्षित रहेंगी।
दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने के लिए सरकार ने 5,041 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस बजट से दिल्ली की सड़कों से पुराने ट्रकों और बसों को हटाया जाएगा। इसके अलावा, कैबिनेट ने 24,249 करोड़ रुपए की लागत से बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में नए हाईवे और सड़क विस्तार परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इससे इन राज्यों में व्यापार बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

