प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून 2026 को गुजरात और दमन का दौरा करेंगे। वे इस दौरान करीब 21,770 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे। PM मोदी दोपहर 2:30 बजे सूरत के हजीरा पहुँचेंगे। इसके बाद वे दमन जाएँगे। इस दौरे में सड़क, अस्पताल, एयरपोर्ट और बंदरगाहों से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का तोहफा देश को मिलेगा।
PM मोदी सूरत में 18,800 करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री यहाँ एक बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इन प्रोजेक्ट्स से गुजरात में बिजली, सड़क और उद्योगों का जाल मजबूत होगा।
वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे का नया तोहफा
PM मोदी वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो बड़े पैकेज (VI और VII) जनता को सौंपेंगे। यह 8-लेन का एक्सेस-कंट्रोल एक्सप्रेसवे है। इससे गुजरात और महाराष्ट्र के बीच आना-जाना बहुत तेज हो जाएगा। व्यापार और लॉजिस्टिक्स को इससे बड़ी रफ्तार मिलेगी।
जनजातीय इलाकों में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। PM मोदी नेशनल हाईवे-56 (NH-56) के कुछ हिस्सों को फोर-लेन बनाने की नींव रखेंगे। इससे पर्यटकों के लिए स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुँचना बेहद आसान हो जाएगा।
सूरत में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। PM मोदी यहाँ 220 बेड वाले आधुनिक ईएसआईसी (ESIC) अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। यहाँ 24 घंटे इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर की सुविधा मिलेगी। साथ ही एक आधुनिक केंद्रीय लैब भी होगी।
दमन में नमो एयरपोर्ट और अस्पताल
PM मोदी 5 जून की शाम को दमन पहुँचेंगे। यहाँ वे 2,970 करोड़ रुपए के कामों की शुरुआत करेंगे। सबसे पहले वे नमो एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का फीता काटेंगे। इसके तुरंत बाद रोज़ाना 1,500 मरीजों की क्षमता वाले नए ‘नामो अस्पताल’ को जनता को सौंपा जाएगा।
दमन के विकास को नई ऊँचाई देने के लिए 1,630 करोड़ के नए कामों की नींव रखी जाएगी। इसमें एक शानदार आइकॉनिक ब्रिज, दमन कन्वेंशन सेंटर और एनआईएफटी (NIFT) परिसर शामिल है। इससे इलाके में पर्यटन और रोजगार तेजी से बढ़ेगा।
लक्षद्वीप के लिए ₹885 करोड़ का मास्टरप्लान
PM मोदी दमन से ही केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए 885 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास करेंगे। कलपेनी और कदमत द्वीपों पर नए बंदरगाह बनाए जाएँगे। इन मल्टीपर्पज घाटों के बनने से 300 मीटर लंबे बड़े क्रूज जहाजों का सालभर आना-जाना मुमकिन हो पाएगा। इससे मछुआरों को फायदा होगा और पर्यटन बढ़ेगा।

