बिकाऊ पत्रकार, चाटुकार, दलाल… अंजना ओम कश्यप ने खान सर पर ठोका ₹2 करोड़ का मानहानि केस, HC से कहा- अपमानजनक कंटेंट हटवाएँ

यूट्यूबर और कोचिंग इंस्टीट्यूट के टीचर फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। टीवी टुडे नेटवर्क और आज तक की एंकर अंजना ओम कश्यप ने खान सर के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में ₹2 करोड़ की मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया है। यह मुकदमा खान सर के पत्रकार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ करने को लेकर किया गया है।

पूरा मामला तब शुरू हुआ जब NEET पेपर लीक और CBSE की खामियों पर कवरेज करते हुए टीवी टुडे की एंकर अंजना ओम कश्यप ने ‘कोचिंग इंस्टीट्यूट माफियाओं’ पर अपने शो ‘ब्लैक एंड व्हाइट’ में तंज कसा। अंजना ने यूट्यूब के टीचर्स के लिए ‘स्टार टीचर्स’ शब्द का प्रयोग करते हुए कहा था कि ये ‘दो-कौड़ी’ के टीचर्स हैं, जो सिर्फ एक्स्प्लेनर बनाकर व्यूज बँटोरते हैं।

इसके बाद खान सर ने अपनी क्लास में अंजना को जवाब देते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। इसीलिए उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया गया है। मुकदमे में माँग की गई है कि खान सर ने जो ‘बिकाऊ पत्रकार’, ‘चाटूकार’,’फर्जी खबरों की दुकान’,’दलाली’ जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है, वह हटाए जाएँ। इस मामले में सोमवार (08 जून 2026) को दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई होगी।