‘अदिति मेरी भी बेटी, लेकिन इसमें भी किसी सपाई का ही हाथ निकलेगा’: ओपी राजभर, अखिलेश यादव की बिटिया पर टिप्पणी वाले विवाद में बोला सपा पर हमला

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। मामले में सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है। राजभर ने अदिति यादव के खिलाफ हुई टिप्पणी की आलोचना की है, वहीं उनका कहना है कि इसमें भी किसी सपाई का ही हाथ निकलेगा।

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अदिति यादव मेरी भी बेटी है। लेकिन अखिलेश यादव जी को क्या कहूँ? पूरी तरह से ट्विटर, एसी और पीसी के नेता हैं। कोई गंभीरता नहीं। अदिति के खिलाफ लाल-हरी टोपी वालों में से जिसने भी आपत्तिजनक पोस्ट की, वह शर्मनाक और गुनाह-ए-अजीम है।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन यह समय स्वयं अखिलेश यादव जी समेत सपाइयों के लिए भी अपने गिरेबान में झांकने का है। सपाई हमेशा हैसियत और सामाजिक पदानुक्रम में अपने से नीचे के लोगों को गालियाँ देते और दिलवाते रहते हैं।”

‘मेरे और मेरे परिवार के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं’

राजभर ने अपने बयान में पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा, “किसी की जाति का, किसी के रंग का, किसी की श्रद्धा का, किसी के कपड़ों का, किसी के पेशे का मजाक उड़ाते रहते हैं। मैं स्वयं अखिलेश के गुंडों का भुक्तभोगी हूँ। सोशल मीडिया पर अखिलेश- मेरे और मेरे परिजनों के बारे में क्या-क्या लिखवाते रहते हैं- पूरा बहुजन समाज रोज देख रहा है।”

उन्होंने आगे लिखा, “महिलाओं के लिए अखिलेश यादव, चचा शिवपाल और आजम खान साहब के बयान उठाकर देख लीजिए।”

‘इस मामले में भी किसी सपाई का ही हाथ निकलेगा’

राजभर ने इस विवाद को लेकर बड़ा दावा करते हुए लिखा, “बेटी अदिति यादव के खिलाफ जो घटिया हरकत हुई है- गारंटी से कह सकता हूँ कि उसमें भी कोई सपाई ही निकलेगा। इस तरह का घटिया प्रशिक्षण कोई लाल या हरी टोपी पहनने वाले मास्टर साहब की कक्षा में ही मिलता है।”

उन्होंने पोस्ट के अंत में कहा, “वैसे बेटी अदिति के मामले में किसी विनोद कुमार यादव का भी नाम सामने आ रहा है। अदिति बेटी आप पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं। बिटिया आप से कैसे कहूँ कि एक हाथ चाँदी का चम्मच और दूसरे हाथ में बल्लम लेकर पैदा हुए लोगों ने राजनीति को किस गर्त में पहुँचा दिया, जो शर्मनाक है।”