उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर स्थित बैरागीवाला क्षेत्र में भाजपा नेता विनोद कश्यप हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपित इम्तियाज को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को पकड़ चुकी है।
इम्तियाज की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर पाँच हो गई है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश अभी जारी है। गौरतलब है कि खेत में सिंचाई और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मुस्लिम परिवार ने भाजपा नेता विनोद कश्यप की सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर दी।
वही मारपीट में उनके भाई समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता अशोक कुमार की शिकायत पर 12 नामजद और 30-35 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और दंगा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है, जो फरार आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि अभी सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
जाँच एजेंसियाँ करीब 30 अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की जाँच की जा रही है।

