इजरायल को रास नहीं आ रही मिडिल ईस्ट की शांति, लेबनान में किए हवाई हमले: ईरान बोला- 84 बार किया युद्धविराम का उल्लंघन, नेतन्याहू पर भड़के ट्रंप

मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के समझौते बाद आई शांति ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई है। इजरायल ने लेबनान में दनादन फायर करना शुरू कर दिया है जिसके बाद तनाव एक बार फिर बढ़ने का अनुमान है। दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई में चार लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद ईरान ने इजरायल पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।

ईरान ने आरोप लगाया है कि तेहरान-अमेरिका के बीच हुए समझौते के बाद से इजरायल ने लेबनान में 84 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है। तेहरान ने दावा किया कि इजरायली सेना लगातार युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन कर रही है। ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर ये हमले नहीं रुके तो इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि दक्षिणी लेबनान से इजरायली सेना की वापसी किसी भी शांति समझौते की महत्वपूर्ण शर्त है। उनके अनुसार, जब तक इजरायली सेना कब्जे वाले इलाकों से पीछे नहीं हटती, तब तक क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित नहीं हो सकती।

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इजरायल की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। G7 शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेबनान के मामले में अधिक जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी एक संदिग्ध को निशाना बनाने के लिए पूरी इमारतों को तबाह करना उचित नहीं है, क्योंकि वहाँ कई निर्दोष लोग भी रहते हैं।

ट्रंप ने कहा कि लेबनान में संघर्ष बहुत लंबे समय से चल रहा है और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है। उनका मानना है कि ऐसी सैन्य कार्रवाइयाँ क्षेत्र में शांति स्थापित करने की कोशिशों को कमजोर कर सकती हैं। चार लोगों की मौत के बाद लेबनान और इजरायल के बीच तनाव फिर से बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।