वाराणसी के काशी रेलवे स्टेशन के पास मौजूद मस्जिद को हटाने की कवायद चल रही है। स्थानीय प्रशासन ने 20 जून 2026 की डेडलाइन तय की है। इसको लेकर मस्जिद प्रशासन को नोटिस जारी किया जा चुका है।
दरअसल रेलव स्टेशन को मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना के तहत आसपास के अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी सिलसिले में गन शहीदा मस्जिद को हटाने और परिसर को खाली करने का नोटिस प्रशासन ने दिया है।

नोटिस में कहा गया है कि संबंधित भूमि रेलवे की है और प्रस्ताविक विकास कार्यों को पूरा करने के लिए परिसर को खाली कराना जरूरी है।
इससे पहले काशी रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों से प्रशासन ने किला कोहना (राजघाट) क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर, अजगेब शहीद मस्जिद और एक मजार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हटा चुका है। उस वक्त भी प्रशासन ने परिसर खाली करने के लिए संबंधित पक्ष को नोटिस भेजा था।
उधर, मस्जिद इंतजामिया ने रेलवे के नोटिस पर आपत्ति जताई है। इंतजामिया की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया है कि कथित नोटिस पर न तो किसी अधिकारी के हस्ताक्षर हैं और न ही उसके जारी होने की तारीख लिखी हुई है।
बयान में कहा गया है कि जिस मुकदमे के खारिज होने का उल्लेख नोटिस में किया गया है, वह मस्जिद के बाहर पूर्व दिशा की भूमि से संबंधित था और उसका मस्जिद से कोई संबंध नहीं था। इसलिए यह नोटिस भ्रामक है।

