उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग बाजार में हेमकुंड साहिब की यात्रा से लौट रहे सिख श्रद्धालुओं (निहंगों) और स्थानीय लोगों के बीच मामूली बात को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इसमें श्रद्धालुओं ने कथित तौर पर तलवारों और धारदार हथियारों से स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया।
हमले में चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक स्थानीय होटल कारोबारी गंभीर रूप से घायल है, जिसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज कर्णप्रयाग के उप-जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों समेत अन्य लोगों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इलाके में तनाव व्याप्त है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाजार में हेमकुंड साहिब से लौट रहे सिख बाइक सवारों के एक जत्थे की बाइक वहाँ खड़ी एक कार से टकरा गई थी। इसके बाद कार मालिक और बाइक सवारों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर कुछ सिख श्रद्धालुओं ने तलवारें निकाल लीं और स्थानीय लोगों पर हमला कर दिया।
घटना से नाराज स्थानीय व्यापार मंडल और ग्रामीणों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की माँग करते हुए बदरीनाथ हाईवे जाम कर दिया। इसके चलते हाईवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। इससे चारधाम और हेमकुंड साहिब जा रहे सैकड़ों तीर्थयात्री अलग-अलग जगहों पर फँसे हुए हैं।
पुलिस मामले की जाँच कर रही है। इलाके के सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। लोगों से जानकारी ली जा रही है। प्रशासन ने लोगों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

