‘तुम मेरी नहीं होगी, तो किसी की नहीं’: मोहम्मद हुसैन ने प्रेम प्रस्ताव न मानने पर युवती पर झोंके ताबड़तोड़ फायर, UP पुलिस कर रही तलाश

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में निकाह से इंकार करने पर मोहम्मद हुसैन ने दिनदहाड़े युवती पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपित युवती की दूसरी जगह रिश्ता तय होने से नाराज था और उस पर खुद से निकाह करने का दबाव बना रहा था।

युवती के मना करने पर उसने धमकी देते हुए कहा, “मेरी नहीं होगी, तो तुमको जिंदा रहने का हक नहीं।” इसके बाद उसने युवती पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। हालाँकि युवती ने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचा ली।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम सलाई निवासी मोहम्मद हुसैन को कई सालों से जानती है। रविवार (28 जून 2026) की दोपहर हुसैन अपने एक साथी के साथ कार से उसके घर पहुँचा और फोन कर बाहर बुलाया।

बाहर आने पर उसने निकाह के लिए दबाव बनाया। इंकार करने पर आरोपित ने हथियार निकाल लिया। खतरा भांपते ही युवती घर के अंदर भाग गई, लेकिन आरोपित ने जान से मारने की नीयत से लगातार तीन बार फायरिंग की।

फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुँच गए। इसके बाद आरोपित गाली-गलौज करते हुए दोबारा आने और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची और जाँच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।