उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार (29 जून 2026) को मुरादाबाद के उदीषा महोत्सव मैदान में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में ₹365 करोड़ से अधिक की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों, नगर निगम और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की कई योजनाओं को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के अवसर पर व्यापारियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय राम भक्तों पर गोलियाँ चलाई गई थीं, जबकि आज अयोध्या का स्वरूप त्रेता युग की याद दिलाता है।
उन्होंने कहा कि अब मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी खुलकर बात होनी चाहिए। योगी ने अखिलेश यादव से तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि जनता अब ऐसी राजनीति को समझ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पहले सरकारी पैसा कब्रिस्तान बनाने में खर्च होता था, जबकि अब वही धन मंदिरों और विकास कार्यों पर लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में बिजली, रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं।
योगी ने कहा कि मुरादाबाद की पहचान अब उपद्रव नहीं बल्कि पीतल उद्योग और किसानों की मेहनत से है। उन्होंने कुंदरकी का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने साबित कर दिया है कि अब प्रदेश में बाबर राज या बाबरी सोच नहीं चलेगी।

