गैराज तक में रखनी पड़ रहीं मूर्तियाँ… UK के कैम्ब्रिजशायर में हिंदुओं को मंदिर के लिए नहीं मिली जमीन, चर्च और मस्जिद के लिए मंजूरी

UK के कैम्ब्रिजशायर में रहने वाले हिंदू समुदाय को बड़ा झटका लगा है। यहाँ के स्थानीय हिंदुओं की काउंटी का पहला हिंदू मंदिर बनाने की उम्मीद फिलहाल टूट गई है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ कैम्ब्रिजशायर डिस्ट्रिक्ट काउंसिल ने धार्मिक उपयोग के लिए तय की गई जमीन हिंदू संस्था की बजाय मुस्लिमों और चर्च से जुड़े संगठन नॉर्थस्टो चर्च नेटवर्क (NCN) को 999 साल की लीज पर देने का फैसला किया है।

हिंदू समाज नॉर्थस्टो (HSN) नाम की स्थानीय चैरिटी इस जमीन पर एक हिंदू मंदिर के साथ इंटरफेथ और वेलबीइंग सेंटर बनाना चाहती थी। लेकिन आवेदन प्रक्रिया में HSN को 65% अंक मिले जबकि NCN को 81% अंक मिलने के बाद जमीन उसी संगठन को आवंटित कर दी गई। NCN की योजना में मुस्लिमों के लिए नमाज कक्ष और शिक्षा केंद्र भी शामिल है।

कैम्ब्रिजशायर में पहले से चर्च और मस्जिदें हैं लेकिन अभी तक एक भी हिंदू मंदिर नहीं है। ऐसे में हिंदू परिवारों को पूजा और त्योहार मनाने के लिए बर्मिंघम या वेम्बली जैसे शहरों तक करीब दो घंटे का सफर करना पड़ता है।

कई बार भगवान की मूर्तियों को अस्थायी जगहों पर ले जाना और घरों या गैराज में रखना पड़ता है, जिससे उनके क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी रहता है। HSN की अध्यक्ष अपर्णा निगम-सक्सेना ने फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं थी और संगठन अब इस फैसले के खिलाफ अपील करने पर विचार कर रहा है।

वहीं, परिषद का कहना है कि सभी आवेदनों का मूल्यांकन पहले से तय नियमों और समान मानकों के आधार पर किया गया था।