बिहार के गया जिले में हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके अश्लील वीडियो बनाने के आरोपित रेहान ने पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पटना से गिरफ्तारी के बाद आरोपित ने स्वीकार किया कि वह अपनी मोमो की दुकान पर ऑनलाइन भुगतान करने वाली लड़कियों के मोबाइल नंबर हासिल करता था।
बाद में वीडियो कॉल के जरिए उन्हें अपने जाल में फंसाता था फिर सुनसान पहाड़ी पर ले जाकर दुष्कर्म करता और पूरी वारदात को सेल्फी स्टैंड लगाकर रिकॉर्ड करता था। पुलिस ने उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बरामद की हैं।
फोन-पे से नंबर लेकर बनाता था निशाना, वीडियो कॉल से जीतता था भरोसा
पुलिस पूछताछ में रेहान ने बताया कि वह मोमो बेचने का काम करता था और जो लड़कियाँ फोन-पे या अन्य ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करती थीं, उनके मोबाइल नंबर अपने पास रख लेता था। बाद में उन्हीं नंबरों पर संपर्क कर दोस्ती बढ़ाता, लगातार बातचीत और वीडियो कॉल के जरिए भरोसा जीतता था।
उसने कबूल किया कि वीडियो कॉल के दौरान लड़कियों पर दबाव बनाकर आपत्तिजनक हरकतें करवाता था। जो लड़कियाँ उसके झाँसे में नहीं आती थीं, उनसे संपर्क खत्म कर देता था, जबकि जो भरोसा कर लेती थीं, उन्हें आगे अपना निशाना बनाता था।
सेक्स पावर की दवा खाकर करता था दुष्कर्म, सेल्फी स्टैंड से खुद रिकॉर्ड करता था वीडियो
आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह अपने शिकार को बांकेधाम की पहाड़ियों पर ले जाता था। वहाँ शारीरिक संबंध बनाने से पहले सेक्स पावर बढ़ाने वाली दवाओं का सेवन करता था। उसने यह भी स्वीकार किया कि पूरी वारदात रिकॉर्ड करने के लिए उसने एक सेल्फी स्टैंड खरीदा था, जिसे खुद लगाकर वीडियो शूट करता था।
उसके अनुसार, इस काम में कोई दूसरा व्यक्ति शामिल नहीं था। उसने यह भी कहा कि बरामद सभी वीडियो और तस्वीरें केवल उसके मोबाइल फोन में थीं, जिन्हें उसने किसी सोशल मीडिया, पोर्न वेबसाइट या डार्क वेब पर अपलोड करने या किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा करने से इनकार किया। हालाँकि पुलिस उसके इस दावे की स्वतंत्र रूप से जाँच कर रही है।
तीन पीड़िताओं की बात कबूली, पुलिस बढ़ा रही जाँच का दायरा
पूछताछ में रेहान ने तीन लड़कियों के साथ पहाड़ी पर दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, इनमें दो हिंदू और एक मुस्लिम युवती शामिल है। आरोपित ने दावा किया कि पिछले करीब छह महीने से वह इस तरह लड़कियों को फंसा रहा था। पुलिस ने उसके मोबाइल से 12 से अधिक आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बरामद की हैं।
पुलिस ने आशंका जताई है कि पीड़िताओं की संख्या इससे अधिक हो सकती है। मोबाइल फोन और सिम कार्ड को फॉरेंसिक जाँच के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई डेटा डिलीट किया गया या किसी अन्य व्यक्ति को भेजा गया था या नहीं। मामले में नाबालिग पीड़िता के परिजनों की शिकायत के बाद केस दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

