कतर ले जाकर नाबालिग हिंदू लड़की के धर्मांतरण का था प्लान, डांस सिखाने के बहाने कट्टरपंथियों ने बढ़ाई दोस्ती: इटावा पुलिस ने 5 को दबोचा

उत्तर प्रदेश के इटावा में जिहादी 13 साल की एक नाबालिग हिंदू लड़की को धर्मांतरण कराने के लिए कतर ले जाने का प्लान बना रहे थे। न्यूज18 के अनुसार, लड़की के परिवार का आरोप है कि डांस सिखाने के बहाने कुछ लोगों ने उससे संपर्क बढ़ाया और बाद में उसे इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डाला।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने धर्मांतरण अधिनियम समेत 11 गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और पाँच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पीड़ित लड़की के पिता ने कोतवाली थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी डांस सीखने जाया करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान एक मुस्लिम महिला से हुई। आरोप है कि उसी महिला के जरिए कुछ मुस्लिम युवक लड़की के संपर्क में आए और उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगे।

शिकायत के मुताबिक, लड़की के मोबाइल पर दोहा (कतर) ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने से जुड़े संदेश भी भेजे गए। परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद वे काफी परेशान हैं और उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की माँग की है।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जाँच जारी है। पुलिस का कहना है कि जाँच में जो भी तथ्य सामने आएँगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।