हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो इनामी बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दोनों शूटर मारे गए। ये दोनों पिछले महीने हांसी में जिम डायरेक्टर कपिल की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित थे और उन पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस को जानकारी मिली थी कि प्रवेश और हिमांशु बहादुरगढ़ में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
जब पुलिस ने दोनों को घेरकर रोकने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल अंकित के पैर में गोली लगी। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं चार पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियाँ लगीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
STF के SP विक्रांत भूषण ने बताया कि दोनों आरोपित की तलाश 11 जून को हांसी में हुए जिम डायरेक्टर कपिल की हत्या के मामले में तलाश की जा रही थी और उनका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से था। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।

