अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बड़ा और विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने दावा किया कि अगर अमेरिका चाहे तो ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के जनाजे में मौजूद पूरे शीर्ष नेतृत्व को सिर्फ ‘एक ही वार’ में खत्म कर सकता है। हालाँकि उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसा नहीं करेगा क्योंकि फिर बातचीत करने के लिए कोई नहीं बचेगा।
एक्सियोस को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि ईरान के सभी बड़े नेता अंतिम संस्कार में एक साथ मौजूद हैं और अमेरिका के पास उन्हें निशाना बनाने की क्षमता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान समझौते के लिए बेताब है और अमेरिका ने अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने तक एक सप्ताह तक कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है।
ट्रंप ने खामेनेई के अंतिम संस्कार में उमड़ी भारी भीड़ पर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था लोग खामेनेई से नफरत करते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों को रोते देखा। ट्रंप ने यहाँ तक कह दिया कि “हो सकता है ये नकली आँसू हों।”
ट्रंप के बयान पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अमेरिका में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि “आप इन बातों को नहीं समझ सकते, क्योंकि आपके पास न सभ्यता है, न इतिहास और न ही सम्मान।” वहीं ईरान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व ने भी साफ चेतावनी दी है कि अगर देश या उसके नेताओं पर कोई हमला हुआ तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा।

