भूटान ने E20 पेट्रोल लेने से इनकार नहीं किया, केंद्र ने अफवाहों का किया खंडन: कहा- कंपनियों ने भेजा ही नहीं था कोई एक्सपोर्ट प्रपोजल, ये सिर्फ बातें

केंद्र सरकार ने उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि भूटान ने भारत से E20 पेट्रोल खरीदने से इनकार कर दिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) ने स्पष्ट किया है कि भारत की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) की ओर से भूटान को E20 पेट्रोल निर्यात करने का कोई प्रस्ताव भेजा ही नहीं गया था।

ऐसे में भूटान द्वारा उस प्रस्ताव को ठुकराने का दावा पूरी तरह गलत और भ्रामक है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अपने आधिकारिक एक्स  हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, “यह दावा गलत है कि भूटान ने भारत से E20 पेट्रोल आयात करने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) की ओर से ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं दिया गया है और भूटान को E20 पेट्रोल निर्यात करने का भी कोई प्रस्ताव नहीं है। सिर्फ MoPNG और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों से मिली आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।”

आज तक की खबर का स्क्रिनशॉट

सोशल मीडिया और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि भूटान ने भारत से E20 पेट्रोल लेने से मना कर दिया है। रिपोर्ट्स में कहा गया कि भूटान के पास इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के सुरक्षित भंडारण के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि इससे भारत को बेईज्जती का सामना करना पड़ा।

यह भी दावा किया गया कि E20 पेट्रोल में मौजूद इथेनॉल नमी को जल्दी सोख लेता है, इसलिए इसे स्टोर करने के लिए विशेष व्यवस्था की आवश्यकता होती है।

दैनिक भास्कर की खबर का स्क्रिनशॉट

इन दावों के बीच अब केंद्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर स्थिति साफ कर दी है और अपील की है कि भ्रामक खबरों पर विश्वास करने के बजाय आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें।