टिन्नू यादव का अखिलेश यादव से कैसा रिश्ता? BJP नेता ने कहा- दोनों के बीच फोन पर बात हुई, देश को पता चलेगा किसके कहने पर हो रही थी चोरी

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में समाजवादी पार्टी का हाथ सामने आ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि मामले में आरोपित रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव अखिलेश यादव से लगातार संपर्क में थे। दावा किया जा रहा है कि दोनों के बीत ढाई साल में लगभग 980 बार फोन पर बातचीत हुई है। इन दावों को लेकर BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने सपा पर निशाना साधा है।

अजय आलोक ने कहा, “सपा ने जो काम किया है ना वो धीरे-धीरे परतें खुल रही हैं। टिन्नू यादव के अखिलेश जी से काफी फोन पर बातचीत हुई है, ये भी सुनने में आ रहा है। जब परतें खुलेंगी तो देश को असलियत पता चलेगी। किसके कहने पर चोरी हो रही थी, ये भी पता चल जाएगा।”

बीजेपी प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस मामले में अभी कई और तथ्य सामने आने बाकी हैं और जाँच आगे बढ़ने के साथ कई और खुलासे हो सकते हैं। अजय आलोक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले भी संतों और महात्माओं के आक्रोश को नहीं झेल पाई थी और आगे भी नहीं झेल पाएगी।

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि टिन्नू यादव पिछले ढाई साल से अखिलेश यादव के संपर्क में था। कुछ पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि दोनों के बीच पिछले ढाई साल में 980 बार फोन पर बातचीत हुई। यह भी कहा जा रहा है कि जिस दिन दान चोरी का मामला सामने आया, उस दिन भी दोनों के बीच तीन बार फोन पर बात हुई थी।

कुछ पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि टिन्नू यादव पहले टेंपो चालक था और बाद में विश्व हिंदू परिषद का कार्यकर्ता बनकर राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के काम तक पहुँचा। इन पोस्ट में उसके राजनीतिक संपर्कों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालाँकि ऑपइंडिया इन दावों की पुष्टि नहीं करता है।