मध्य प्रदेश का शिवपुरी जल्द ही देश के प्रमुख रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होने जा रहा है। रविवार ( 5 जुलाई 2026) को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहाँ करीब 2,500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की आधारशिला रखी।
इस संयंत्र में मिसाइलों, गोला-बारूद, आधुनिक हथियारों और अन्य हाईटेक रक्षा उपकरणों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
LIVE: शिवपुरी में @AdaniDefence के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमिपूजन कार्यक्रम में सहभागिताhttps://t.co/ujinNYFoJU
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) July 5, 2026
शिवपुरी को मिलेगी डिफेंस हब की नई पहचान
शिवपुरी के पाली गाँव में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के पास बनने वाला यह डिफेंस प्लांट निजी क्षेत्र के बड़े रक्षा निर्माण संयंत्रों में गिना जा रहा है। परियोजना शुरू होने के बाद यहाँ अत्याधुनिक सैन्य उपकरण, मिशन-रेडी मिसाइलें और विभिन्न प्रकार के गोला-बारूद तैयार किए जाएँगे।
शिलान्यास कार्यक्रम में अडानी समूह के निदेशक करण अडानी और जीत अडानी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने रक्षा उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि शिवपुरी में डिफेंस और एयरोस्पेस प्लांट की स्थापना प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि इस निवेश से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और मध्य प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
रोजगार के साथ विकास परियोजनाओं की सौगात
राज्य सरकार का कहना है कि इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जबकि स्थानीय एमएसएमई इकाइयों को भी डिफेंस सप्लाई चेन से जुड़ने का मौका मिलेगा। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 211 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
साथ ही शिवपुरी को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली फोरलेन सड़क, मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी यूनिट, नए कॉलेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु अस्पताल, कृषि उपज मंडी और नई तहसील जैसी कई योजनाओं की घोषणा भी की। सरकार का लक्ष्य शिवपुरी को औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी मजबूत बनाना है।
25 करोड़ रुपए का निवेश करेगा अडानी समूह, आत्मनिर्भर भारत अभियान को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम के दौरान अडानी समूह के निदेशक जीत अडानी ने कहा, “शिवपुरी में हम मध्यम से लंबी दूरी की मिसाइल प्रणालियों के निर्माण के लिए एक पूरी तरह एकीकृत मिसाइल इकोसिस्टम बना रहे हैं, ताकि विदेशी निर्भरता की जगह देश की अपनी ताकत खड़ी हो सके। लेकिन, हमारा काम सिर्फ असेंबली तक सीमित नहीं रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा, “हम यहाँ कंपोजिट प्रोपेलेंट के निर्माण के साथ-साथ टीएनटी और विस्फोटक ग्रेड सामग्री का उत्पादन भी शुरू करेंगे। अगले तीन वर्षों में हम 2,500 करोड़ रुपए के निवेश से यह अत्याधुनिक सुविधा तैयार करेंगे। इससे 5,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे और 50 से ज्यादा एमएसएमई इस विशेष सप्लाई चेन का हिस्सा बनेंगे।”
वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि भविष्य में शिवपुरी की पहचान केवल एक जिले के रूप में नहीं, बल्कि देश के रक्षा उत्पादन केंद्र के रूप में होगी। यहाँ बनने वाले हथियार और रक्षा उपकरण भारतीय सशस्त्र बलों की क्षमता बढ़ाने में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं का कौशल अब सीधे देश की सुरक्षा से जुड़ेगा।
आज शिवपुरी में यशस्वी मुख्यमंत्री श्री @DrMohanYadav51 जी की गरिमामयी उपस्थिति में @AdaniDefence द्वारा ₹2500 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले दक्षिण एशिया के निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा मिसाइल ईकोसिस्टम – अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शिलान्यास का सौभाग्य प्राप्त… pic.twitter.com/qkYkdxexWw
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) July 5, 2026
सरकार का मानना है कि यह परियोजना न केवल ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी, बल्कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को भी मजबूत बनाएगी।

