महिला BLO से बदसलूकी करने पर सबरीन-अतीक-आसिफ-आफताब गिरफ्तार, गोद में रजिस्टर रख जबरन किए थे साइन: दिल्ली में चुनाव ड्यूटी कर रही थी शिक्षिका

राजधानी दिल्ली के चाँदनी महल इलाके से सरकारी काम कर रही एक महिला टीचर के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया। यहाँ ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में तैनात एक महिला शिक्षिका के साथ कुछ मुस्लिमों ने अभद्र व्यवहार किया।

महिला टीचर का आरोप है कि विरोध करने के बावजूद एक आरोपित ने उनकी गोद (जांघ) पर रजिस्टर रखकर जबरन हस्ताक्षर किए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान मोहम्मद सबरीन (44 वर्ष), अतीक उर रहमान (58 वर्ष), मोहम्मद आसिफ (50 वर्ष) और मोहम्मद आफताब (44 वर्ष) के रूप में हुई है।

इसी बीच, भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में चल रही इस एसआईआर (SIR) प्रक्रिया की तारीखों में एक बड़ा बदलाव कर दिया है। अब यह जरूरी प्रक्रिया दिल्ली में 10 दिन और आगे तक चलेगी। पहले यह काम 29 जुलाई को खत्म होने वाला था, जो अब 8 अगस्त तक जारी रहेगा।

इसके बाद 17 अगस्त को वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा। आम लोग 17 अगस्त से 16 सितंबर तक इस पर अपनी दावे और आपत्तियाँ दर्ज करा सकेंगे। इसके बाद 19 अक्टूबर को फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना 5 जुलाई की है, जब पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (स्पेशल एजुकेशन) के पद पर तैनात महिला शिक्षिका सेंट्रल दिल्ली के चाँदनी महल इलाके के फाटक तेलियान में चुनाव से जुड़ा सरकारी काम कर रही थीं। ड्यूटी के दौरान वहाँ मौजूद कुछ लोगों ने उनके काम में अड़ंगा डालना शुरू कर दिया।

महिला टीचर ने अपनी शिकायत में बताया कि एक आरोपित ने उनके हाथ से जबरन BLO रजिस्टर छीन लिया। महिला टीचर के मना करने और आपत्ति जताने के बाद भी उस शख्स ने उनकी गोद पर रजिस्टर रखकर साइन कर दिए। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी टीचर के साथ बहुत बुरा व्यवहार किया।

अपमानित किया और दी गालियाँ

पीड़ित महिला टीचर ने पुलिस को बताया कि वहाँ मौजूद कई लोगों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। आरोपितों ने SIR फॉर्म लेने से साफ मना कर दिया और उन्हें भद्दी गालियाँ भी दीं। इस पूरी घटना के दौरान महिला को अपनी सरकारी ड्यूटी करने से जबरन रोका गया।

पुलिस के संज्ञान में यह मामला बुधवार 15 जुलाई को आया। महिला टीचर ने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत सबसे पहले पुरानी दिल्ली के एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) से की थी। इसके बाद एडीएम ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।

पुलिस ने चारों आरोपितों को दबोचा

शिकायत के सत्यापन और मौके पर मौजूद साक्ष्यों की जाँच के बाद चाँदनी महल पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शिकायत में नामजद सभी चार आरोपितों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, ये चारों आरोपित पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस अब इनसे आगे की पूछताछ कर रही है।