सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक चीनी स्टैंड-अप कॉमेडियन केट हू (Kate Hu) ने मंच से ही ऑडियंस में शामिल एक पाकिस्तानी बहुरुपिए के झूठ का पर्दाफाश कर दिया। वो व्यक्ति पहले तो स्टेज पर आकर महिला कॉमेडियन को जबरन गले लगाने की कोशिश करता है, लेकिन उस महिला कॉमेडियन ने ऐसे सवाल पूछे कि उस व्यक्ति की पोल खुल गई। दरअसल, उसकी जबरन गले लगाने की शर्मनाक हरकत पर महिला कॉमेडियन ने जब विरोध किया और उसकी नेशनालिटी पूछी तो उस पाकिस्तानी शख्स ने खुद को हिंदुस्तानी बताकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन महिला कॉमेडियन ने उसे सबके सामने एक्सपोज कर दिया।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि स्टैंड-अप कॉमेडियन स्टेज पर प्रस्तुति देते हुए दर्शकों से बातचीत कर रही थीं। इसी बीच एक पुरुष दर्शक अचानक स्टेज की तरफ बढ़ा और उसने कॉमेडियन को गले लगाने के लिए हाथ आगे बढ़ाए। महिला ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए उसका हाथ पीछे धकेल दिया और उसे खुद के करीब आने से रोक दिया।
इस असहज स्थिति को नजरअंदाज करने के बजाय कॉमेडियन केट हू (Kate Hu) ने उस शख्स से सीधे सवाल करने का फैसला किया। उन्होंने पूछा, “आप कहाँ से हैं?” इस पर उस शख्स ने बिना हिचकिचाहट के जवाब दिया, ‘इंडिया (भारत)।’ शख्स का यह जवाब सुनते ही कॉमेडियन मुस्कुराईं और उन्होंने एक ऐसा दाँव खेला जिससे वह शख्स पूरी तरह फँस गया।
कॉमेडियन ने मुस्कराते हुए कहा, “मेरे बॉयफ्रेंड भी इंडिया से हैं। आप वहाँ के किस राज्य से हैं?” महिला का यह अप्रत्याशित सवाल सुनते ही शख्स के होश उड़ गए। वह कोई जवाब नहीं ढूँढ पाया और घबराहट में अपना झूठ छोड़ते हुए तुरंत सच कबूल कर लिया। उसने सबके सामने माना, “मैं वास्तव में पाकिस्तान से हूँ।” यह सुनते ही पूरा हॉल ठहाकों से गूँज उठा।
कॉमेडियन ने बाद में इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया और कैप्शन में लिखा, “अंत तक इंतजार करें।”
वीडियो सामने आते ही यह इंटरनेट पर छा गया। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने महिला की हाजिरजवाबी और सूझबूझ की जमकर तारीफ की। लोगों का कहना है कि सिर्फ एक सामान्य से सवाल ने पल भर में शख्स का झूठ दुनिया के सामने ला दिया।

