हरियाणा के फरीदाबाद में स्थित अल-फलाह मेडिकल कॉलेज के MBBS छात्र अदीदशाह को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। टीम ने अदीदशाह को 200 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा। छात्र अदीदशाह जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का रहने वाला है।
पुलिस का दावा है कि अदीदशाह दिल्ली से गांजा खरीदकर मेडिकल कॉलेज के छात्रों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। मामले में NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जाँच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर धर्मकांटा के पास कार्रवाई की गई। यहाँ संदिग्ध युवक को सफेद पॉलीथीन के साथ हिरासत में लिया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी के दौरान पॉलीथीन से 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर विधिक प्रक्रिया पूरी की गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अदीदशाह दिल्ली के सदर बाजार इलाके में सक्रिय एक सप्लायर से गांजा खरीदता था। इसके बाद वह अपने हॉस्टल के कमरे में उसे छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार कर 500 रुपए प्रति पुड़िया के हिसाब से छात्रों को बेचता था।
सप्लायर की तलाश में पुलिस, यूनिवर्सिटी की सुरक्षा पर उठे सवाल
जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपित और सप्लायर के बीच संपर्क मुख्य रूप से व्हाट्सऐप कॉलिंग और इंटरनेट के माध्यम से होता था, जबकि भुगतान कैश में किया जाता था। पुलिस अब दिल्ली स्थित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
साथ ही यह भी जाँच की जा रही है कि कहीं आरोपित किसी बड़े नशा तस्करी गिरोह का हिस्सा तो नहीं था। घटना के बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर चिंता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जाँच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

