उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की समाजवादी पार्टी (सपा) से बढ़ती नजदीकियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उन्हें सपा से इतना ही लगाव है तो अपनी गाड़ी में समाजवादी पार्टी का झंडा लगाकर खुलकर बैटिंग करनी चाहिए।
यूपी:वाराणसी में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा – हम तो उनको राय देंगे की कुर्ता पजामा सिल्वा ले, गाड़ी मे सपा का झंडा लगा ले और खुलकर बैटिंग करें, शंकराचार्य का काम होता है कि अपने धर्म का प्रचार प्रसार करना… राजनीतिक हस्तक्षेप करना नहीं pic.twitter.com/VsAu3nYmC7
— Mukesh Rajput Journalist (@Mukeshk92294988) July 18, 2026
मंत्री राजभर ने तंज कसते हुए कहा, “हम तो उनको राय देंगे कि कुर्ता पजामा सिल्वा लें, गाड़ी में सपा का झंडा लगा लें और खुलकर बैटिंग करें।” उन्होंने आगे कहा, शंकराचार्य का काम होता है, अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करना, राजनीतिक हस्तक्षेप करना नहीं। यहीं सपाई बनारस में शंकराचार्य को पिटवा दिए थे। इनके बूते सरकार बना लेंगे, सरकार बदल देंगे।”
इसके अलावा ओमप्रकाश राजभर ने जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के फैसले को सही ठहराया। उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी पर बुलडोजर कार्रवाई पर भी बयान देते हुए इसका जिम्मेदार अखिलेश यादव और उनकी पार्टी को ठहराया।
दरअसल, हाल के दिनों में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के कई बयान सपा के समर्थन और योगी सरकार के खिलाफ सामने आए हैं। ताजे बयान में ही स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने 2015 में सपा सरकार में उन पर बरसाई गई लाठियों को लेकर अखिलेश यादव का बचाव किया। इससे पहले उन्होंने अखिलेश यादव से 30 मिनट की मुलाकात भी की थी।
इसके इतर आजकल स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद मौजूदा सरकार के खिलाफ खुलकर बयानबाजी करते नजर आते हैं। राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही चंपत राय को बचा रहे हैं। इतना ही नहीं उनका यह भी आरोप है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही प्रदेश में गोहत्या करवा रहे हैं और वो कालनेमि जैसे हैं।

