बुलंदशहर ₹574 करोड़, संभल ₹569 करोड़, अमरोहा ₹207 करोड़… विकास की नई गाथा लिख रहे CM योगी, लैपटॉप से लेकर टूल किट तक बाँटे: कहा- बॉटम से टॉप पर पहुँचा UP

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार (18 जुलाई) को बुलंदशहर, अमरोहा और संभल के दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने पश्चिमी यूपी को करीब 1,350 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की एक बड़ी सौगात दी। इस दौरान CM योगी ने बुलंदशहर में ₹574 करोड़ से अधिक की 57 विकास परियोजनाओं और अमरोहा में ₹207 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इसके साथ ही, भगवान श्री कल्कि अवतार की पावन भूमि संभल में भी उन्होंने ₹569 करोड़ की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं की शुरुआत कर क्षेत्र के विकास को एक नई रफ्तार दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, चाबी, थर्मल प्रिंटर, आयुष्मान कार्ड, छात्रवृत्ति, सब्सिडी, टूल-किट एवं प्रमाण-पत्र भी बाँटे।

इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। CM योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश विकास के मामले में सबसे पीछे होता था, लेकिन आज यूपी बॉटम से टॉप पर पहुँच गया है। अब प्रदेश में कानून का राज है और अपराधी अपनी जान की भीख माँग रहे हैं।

बुलंदशहर बनेगा सबसे बड़ा लाभार्थी, बढ़ेगा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि आज कनेक्टिविटी की दृष्टि से बुलंदशहर काफी बेहतर हो रहा है। उन्होंने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए कहा कि एयरपोर्ट भले ही जेवर में बन रहा हो, लेकिन आने वाले समय में इसका सबसे बड़ा लाभ बुलंदशहर की जनता को मिलने वाला है। कनेक्टिविटी बढ़ने से बुलंदशहर औद्योगिक विकास के एक नए युग में प्रवेश करेगा और यहाँ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

CM योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि इस पूरे क्षेत्र में इंटरनेशनल फिल्म सिटी, अपैरल पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क का निर्माण किया जा रहा है। इन बड़े प्रोजेक्ट्स के आने से बुलंदशहर की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। उन्होंने बताया कि आज उत्तर प्रदेश मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग (मोबाइल बनाने) के मामले में पूरे देश के अंदर नंबर एक पर आ चुका है।

देश के अंदर आज जितने भी मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें से 55% अकेले उत्तर प्रदेश के अंदर बन रहे हैं। इतना ही नहीं, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स के मामले में भी देश के कुल उत्पादन का 60% हिस्सा यूपी में ही तैयार हो रहा है। यह नए उत्तर प्रदेश की ताकत को दिखाता है।

माफिया को मिट्टी में मिलाया, अब बहन-बेटियाँ सुरक्षित

अपने चिरपरिचित अंदाज में CM योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा, “हमने कहा था कि माफिया को मिट्टी में मिला देंगे, और हमने उन्हें मिट्टी में मिला दिया।” उन्होंने साल 2017 से पहले की स्थिति याद दिलाते हुए कहा कि पहले यूपी का कोई ऐसा जिला नहीं बचा था जहाँ दंगा न हुआ हो। हर जिले में एक माफिया होता था और हर थाने में माफिया का कोई न कोई गुर्गा अवैध वसूली करता था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले शाम होते ही सड़कों पर अंधेरा छा जाता था और गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते थे, लेकिन आज यूपी के पास किसी भी अन्य राज्य से बेहतर सड़कें हैं। पहले पश्चिमी यूपी में कानून व्यवस्था इतनी खराब थी कि लोग अपनी बेटियों को पढ़ाने के लिए दूर के रिश्तेदारों के पास भेज देते थे।

व्यापारी घर से निकलने से पहले भगवान से प्रार्थना करता था कि वह शाम को सही-सलामत अपने परिवार का चेहरा देख सके। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। CM योगी आदित्यनाथ ने नारा देते हुए कहा, ‘अब न कर्फ्यू है न दंगा है, बुलंदशहर में सब चंगा है।’

RSS के चतुर्थ सरसंघचालक रज्जू भैया को किया याद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के चतुर्थ सरसंघचालक श्रद्धेय रज्जू भैया को याद करते हुए उन्हें देश का प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि रज्जू भैया का संपूर्ण जीवन भारत, भारतीयता और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित था। उन्हीं के विचारों से नई पीढ़ी को संस्कारित करने के उद्देश्य से बुलंदशहर में ‘रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर’ की स्थापना की गई है। इस बेहतरीन प्रयास के लिए उन्होंने विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान का भी अभिनंदन किया।

CM ने इस सैनिक स्कूल के लिए जमीन दान करने वाले बाबा राजपाल सिंह जी की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि बाबा राजपाल सिंह जी ने रज्जू भैया की स्मृति को जीवंत रखने के लिए अपनी 32 बीघा जमीन इस सैनिक स्कूल को दान में दे दी है।

मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि यही राष्ट्र को समर्पित जीवन होता है। एक सैनिक के लिए उसका देश सबसे पहले होता है, उसका परिवार बाद में होता है और स्वयं का हित सबसे आखरी में होता है, तभी जाकर हमारा देश पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

अखिलेश यादव पर प्रहार: ‘बबुआ 12 बजे सोकर उठते थे’

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर सीधा हमला किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 2017 के पहले ‘बबुआ’ सुबह 12 बजे तो सोकर उठते थे। उसके बाद 2 बजे तक वे तैयार होते थे और शाम के 5 बजते ही उनके जिम जाने का समय हो जाता था। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब 5 बजे वे जिम से फुर्सत पा जाते थे, तो फिर उनकी निजी महफिल बैठ जाती थी। ऐसे लोगों के पास उत्तर प्रदेश की गरीब जनता से मिलने के लिए फुर्सत ही कहाँ थी। उन्होंने न तो जनता के लिए पहले कभी कोई काम किया और न ही आगे कभी कुछ कर पाएँगे।

CM योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण के अंत में कहा कि उन्होंने (विपक्षियों ने) पहले भी जनता का भला नहीं किया था और आगे भी प्रभु राम ने उन्हें अब इस लायक नहीं छोड़ा है कि वो कुछ कर सकें। आज उत्तर प्रदेश हर क्षेत्र में विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और अब यह रुकने वाला नहीं है।