पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के अमताला में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर शनिवार (18 जुलाई 2026) को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। जिला प्रशासन का दावा है कि यह 5 मंजिला इमारत अवैध तरीक से बनाई गई थी। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए इमारत के अवैध हिस्से को गिरा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। केंद्रीय बल, स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और दमकल विभाग की टीमें सुबह ही मौके पर पहुँच गई थीं। घनी आबादी वाले क्षेत्र को देखते हुए आसपास की सड़क खाली कराई गई और दुकानों के साथ आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली कराया गया। इसके बाद 3 बुलडोजरों की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, इस इमारत के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद 30 जून और 7 जुलाई को दो नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में भवन निर्माण से जुड़े स्वीकृति पत्र और अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था। साथ ही भवन से जुड़े लोगों को 15 जुलाई को जिला प्रशासन के कार्यालय में उपस्थित होने के लिए भी कहा गया था। प्रशासन का कहना है कि न तो नोटिस का कोई जवाब मिला और न ही कोई दस्तावेज जमा किए गए। इसके बाद ध्वस्तीकरण का आदेश दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह कार्यालय डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी के राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए इस्तेमाल किया जाता था। विधानसभा चुनाव के बाद से यह कार्यालय बंद पड़ा था।
कार्रवाई के बाद TMC ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया। पार्टी का कहना है कि यह मामला पहले से अदालत में लंबित है और इसके बावजूद बुलडोजर कार्रवाई की गई। TMC ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में नई ‘बुलडोजर संस्कृति’ शुरू की गई है और इसे बदले की राजनीति का हिस्सा बताया। वहीं, प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई भवन निर्माण से जुड़े नियमों के उल्लंघन और नोटिस का जवाब नहीं मिलने के बाद की गई है।

