लंदन में सऊदी प्रिंस अब्दुल्ला अल सऊद की मौत का खुलासा, शराब और नशीली दवाओं की ओवरडोज बनी वजह: कोरोनर रिपोर्ट आई, नहीं मिली कोई साजिश

सऊदी अरब के 29 वर्षीय राजकुमार अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज बिन जलावी अल सऊद की नवंबर 2025 में लंदन के एक होटल में हुई मौत को लेकर लंबी मेडिकल और फोरेंसिक जाँच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। जाँच में पाया गया कि उनकी मौत अत्यधिक मात्रा में शराब और कई तरह के नशीले पदार्थों के सेवन के कारण हुई थी।

जाँच रिपोर्ट के अनुसार, उनके शरीर में शराब, पार्टी ड्रग GHB और अन्य मादक व प्रिस्क्रिप्शन दवाएँ घातक स्तर तक मौजूद थीं, जिससे उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ। जाँच में आत्महत्या या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के कोई सबूत नहीं मिले हैं।

होटल के बाथरूम में मिला था राजकुमार का शव

राजकुमार अब्दुल्ला 19 नवंबर 2025 को लंदन के केंसिंग्टन स्थित मैरियट होटल में एक सप्ताह के लिए ठहरे थे। 24 नवंबर को उन्हें आखिरी बार होटल के CCTV कैमरों में बाहर निकलकर सिगरेट पीते हुए देखा गया था। 25 नवंबर को होटल के एक कर्मचारी ने उनके महंगे सुइट के बाथरूम में उन्हें पूरी तरह कपड़े पहने हुए बेहोश अवस्था में पाया।

सूचना मिलने पर पैरामेडिक्स मौके पर पहुँचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। लंबी जाँच के बाद असिस्टेंट कोरोनर जीन हार्किन ने इस मामले को ‘मिसएडवेंचर’ (अनजाने में हुई मौत) करार दिया। रिपोर्ट में कहा गया कि उनकी मौत कई तरह के नशीले पदार्थों के एक साथ सेवन से हुई, जिसके कारण कार्डियक अरेस्ट आया।

रिपोर्ट्स के अनुसार, जाँच में न तो आत्महत्या के कोई संकेत मिले और न ही किसी तीसरे व्यक्ति की भूमिका के कोई प्रमाण सामने आए। टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि राजकुमार के खून में प्रति 100 मिलीलीटर 222 मिलीग्राम अल्कोहल मौजूद थी, जो ब्रिटेन में वाहन चलाने की निर्धारित कानूनी सीमा से तीन गुना से भी अधिक थी।

चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, केवल इतनी मात्रा में शराब ही व्यक्ति को कोमा में पहुँचाने के लिए पर्याप्त होती है। इसके अलावा उनके शरीर में पार्टी ड्रग गामा-हाइड्रॉक्सीब्यूटिरेट (GHB) की संभावित घातक मात्रा, एंटी-एंग्जायटी दवा ज़ैनैक्स (Xanax), अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवाएँ और कैनबिस भी पाए गए।

वहीं कोरोनर ने अपनी रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, न ही राजकुमार ने कभी आत्महत्या करने जैसी कोई इच्छा व्यक्त की थी।

बताया जा रहा है कि वो पहले भी नशी लत का इलाज करवा चुके थे, लेकिन बाद में काउंसिलिंग सेसन में हिस्सा लेना बंद कर दिया था। अब उसी नशे की वजह से उनकी जान जा चुकी है।