जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित LGBTQ+ समुदाय के सबसे बड़े वार्षिक कार्यक्रम क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे प्राइड के दौरान शनिवार (25 जुलाई 2026) की रात बड़ा हमला हुआ। शहर के मध्य स्थित टियरगार्टन पार्क के पास इस्लामिस्ट नेटवर्क से जुड़े एक शख्स ने एक तेज रफ्तार सफेद वैन भीड़ में घुसा दी जिससे कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।
घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है, जो पहले से ही बर्लिन के ‘इस्लामिक नेटवर्क’ (Islamist scene) से जुड़ा हुआ पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज है।
BREAKING: Berlin police have identified a suspect in the Pride attack and say he has ties to Islamic "circles" in the German capital. https://t.co/gaWp8wPCzh
— The Associated Press (@AP) July 26, 2026
हालाँकि, अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग भी शामिल हो सकते हैं। संदिग्ध की तलाश के लिए हेलीकॉप्टरों और जर्मनी के कई राज्यों से पहुँचे पुलिस अधिकारियों की मदद ली जा रही है।
तेज रफ्तार वैन भीड़ को कुचलते हुए पेड़ से टकराई, चालक मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक, शनिवार (25 जुलाई 2026) की रात स्थानीय समयानुसार करीब 10 बजे सफेद वैन टियरगार्टन पार्क के उस हिस्से में घुसाई गई, जहाँ दिन में प्राइड मार्च का मार्ग रहा था। वाहन ने पैदल रास्ते पर चल रहे कई लोगों को टक्कर मारी और बाद में एक पेड़ से टकराकर रुक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए पार्क की ओर भागने लगे। स्थानीय मीडिया और एक चश्मदीद के अनुसार, वाहन से एक व्यक्ति बाहर निकला और पैदल ही फरार हो गया। पुलिस को वाहन घटनास्थल पर खाली मिला, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुँचाए गए घायल, चांसलर बोले- दोषियों को सख्त सजा मिलेगी
बर्लिन फायर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता डोमिनिक प्रेट्ज़ ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है और कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों को तेजी से अस्पताल पहुँचाने के लिए जर्मन संसद भवन राइखस्टाग के पास अस्थायी हेलीकॉप्टर लैंडिंग पैड बनाया गया, जहाँ से उन्हें एयरलिफ्ट किया गया।
घटना के बाद जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने कहा कि वह और गृह मंत्री अलेक्जेंडर डोब्रिंट यह सुनिश्चित करेंगे कि इस हमले की पूरी जाँच हो और दोषियों को कड़ी सजा मिले।
यूरोप के सबसे बड़े प्राइड आयोजनों में शामिल है CSD, बढ़ती हिंसा के बीच हुआ हमला
हमले के बाद आयोजकों ने यूरोप के सबसे बड़े प्राइड आयोजनों में शामिल क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (CSD) को बीच में ही रद्द कर दिया। इस वर्ष पहली बार इसकी शुरुआत शुक्रवार (24 जुलाई 2026) की रात लोकतंत्र समर्थक राजनीतिक रैली के साथ हुई थी, जबकि शनिवार की परेड ‘Taking a stand is hot’ थीम पर निकाली गई थी।
इसमें 80 से अधिक झाँकियाँ और 50 पैदल समूह शामिल हुए थे तथा लाखों लोग गर्मी के बावजूद सड़कों पर जुटे थे। कार्यक्रम ब्रांडेनबर्ग गेट पर समाप्त होना था, लेकिन रात में हुए हमले ने पूरे आयोजन को मातम में बदल दिया। कार्यक्रम में शामिल जूलियन मेथिग ने कहा कि यह क्वीयर समुदाय के लिए सबसे बुरे दिनों में से एक है।
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब हाल के वर्षों में जर्मनी में वाहन और चाकू से किए गए कई घातक हमलों के बाद सुरक्षा एजेंसियाँ पहले से सतर्क हैं। LGBTQ+ संगठनों का कहना है कि समुदाय के खिलाफ हमलों की घटनाएँ बढ़ी हैं। पुलिस ने लोगों से घटना से जुड़े फोटो, वीडियो और जानकारी साझा करने की अपील की है, ताकि जाँच को आगे बढ़ाया जा सके।

