‘मुझे अल्लाह ने दिया फरमान’: पेरिस में इस्लामी कट्टरपंथी ने चीखते हुए 3 महिलाओं को घोंपा चाकू, अब आतंकी एंगल से होगी जाँच

फ्रांस की राजधानी पेरिस में सोमवार (27 जुलाई 2026) को एक व्यक्ति ने तीन महिलाओं पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमले के बाद जब लोगों ने उसे पकड़ा तो वह बार-बार चिल्ला रहा था, “अल्लाह ने मुझे आदेश दिया था।” इस घटना में दो महिलाएँ गंभीर रूप से घायल हुई हैं।

मौके पर मौजूद लोगों और एक पुलिस अधिकारी की बहादुरी से हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस हमले के पीछे की वजह की जाँच कर रही है। वहीं फ्रांस की आतंकवाद निरोधी एजेंसी भी मामले में जाँच शुरू करने पर विचार कर रही है।

घटना पेरिस के पोर्ट डे क्लिची इलाके के पास हुई। फ्रांस के गृह मंत्री लारेंट नुनेज के अनुसार, हमलावर ने 19, 24 और 36 वर्ष की तीन महिलाओं पर दो बड़े चाकुओं से हमला किया, जिसमें दो महिलाओं की हालत गंभीर है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में आरोपित दोनों हाथों में चाकू लेकर एक महिला पर हमला करने की कोशिश करता दिख रहा है।

प्रत्यक्षदर्शी 26 वर्षीय मोहम्मद-अली बुहादजार ने बताया कि जब उसने हमलावर को एक महिला की पीठ में चाकू मारते देखा तो उसने आसपास मौजूद लोगों से उसे रोकने की अपील की। इसके बाद एक व्यक्ति ने हमलावर पर सूटकेस फेंका, जिससे उसके हाथ से चाकू गिर गए। इसी मौके का फायदा उठाकर लोगों ने उसे गिराकर दबोच लिया।

बाद में घटनास्थल पर मौजूद एक ऑफ-ड्यूटी पुलिस अधिकारी ने उसे हिरासत में ले लिया। गृह मंत्री ने इस अधिकारी के साहस की सार्वजनिक रूप से सराहना की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित लगातार असंगत बातें करता रहा और उसकी पहचान की भी तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी।

गृह मंत्री लारेंट नुनेज ने कहा कि फिलहाल हमले का उद्देश्य स्पष्ट नहीं है और सभी संभावित पहलुओं से जाँच की जा रही है। फ्रांस के राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी अभियोजक कार्यालय ने भी कहा है कि वह इस मामले में आतंकवाद से जुड़े पहलू की जाँच शुरू करने पर विचार कर रहा है। जाँच एजेंसियाँ आरोपित की पहचान, मानसिक स्थिति और उसके संभावित मकसद का पता लगाने में जुटी हैं।