दिल्ली के कृष्णा नगर में कैब ड्राइवर विजय कुमार की हत्या का मामला कुछ दिन पुराना जरूर है, लेकिन पुलिस की जाँच पूरी होने के बाद अब पूरी तस्वीर सामने आ चुकी है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए अयान और साहिल समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। हालाँकि, एक आरोपित अब भी फरार है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूरा मामला 23 जुलाई की रात का है। जब पूर्वी दिल्ली के वेस्ट विनोद नगर में रहने वाले 40 वर्षीय विजय कुमार अपनी मारुति वैगनआर कार से कैब चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक, रात के समय आरोपितों ने पहले शराब पी और फिर किसी कैब ड्राइवर को लूटने की योजना बनाई। इसके बाद आरोपितों में से एक ने दूसरे के मोबाइल फोन से रैपिडो के जरिए कैब बुक की।
विजय कुमार बुकिंग मिलने पर यात्रियों को लेने पहुँचे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखा, लेकिन रास्ते में आरोपितों ने लूट की कोशिश शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने विजय कुमार पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह खुद को बचा नहीं सके। फिर ड्राइविंग सीट पर विजय कुमार की गोद में बैठकर एक आरोपित ने नशे में गाड़ी दौड़ा दी, जो आगे जाकर एक कार में ठुक गई।
इस एक्सीडेंट के बाद सभी आरोपित मोबाइल फोन और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। तभी मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम (PCR) को सूचना दी। पुलिस को सूचना मिली कि कृष्णा नगर में रोड नंबर-57 के पास एक कार में खून से लथपथ व्यक्ति पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुँची तो कार के अंदर विजय कुमार कई चाकू के घावों के साथ मिले। उन्हें तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कृष्णा नगर थाने में हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया।
शुरुआत में पुलिस के पास कोई प्रत्यक्ष गवाह नहीं था और मामला पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर जैसा था। ऐसे में कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी साक्ष्य और लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली। जाँच के दौरान पुलिस को संदिग्धों की गतिविधियों का सुराग मिला और 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों तक पहुँच गई।
गिरफ्तार आरोपितों में एक ही पहचान 20 वर्षीय अयान के रूप में हुई है, जिस पर लूट के चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपित की पहचान 19 वर्षीय साहिल के रूप में हुई, जिस पर झपटमारी का पुराना मामला दर्ज है। पकड़ा गया तीसरा आरोपित नाबालिग है, वहीं फरार आरोपित का नाम अमन है।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जल्दी पैसा कमाने के लिए कैब ड्राइवर को लूटने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत पहले चाकू का इंतजाम किया गया और फिर मोबाइल से कैब बुक कर विजय कुमार को बुलाया गया। वारदात के दौरान विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि इस साजिश में शामिल चौथे आरोपित की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश जारी है।
जाँच के दौरान पुलिस ने लूटा गया सामान और वारदात से जुड़े अहम सबूत भी बरामद किए। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जाँच, सीसीटीवी फुटेज और आरोपितों से पूछताछ के आधार पर केस की कड़ियाँ जुड़ीं और हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

