उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक मुस्लिम अधिवक्ता की राजनीतिक निष्ठा की इन दिनों काफी चर्चा हो रही है। पेशे से वकील ताबिश निसार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अपना समर्थन जाहिर करने के लिए एक बेहद अनोखा तरीका चुना है।
उन्होंने अपने सीने पर एक परमानेंट टैटू गुदवाया है, जिसमें मुख्यमंत्री को देश के भावी प्रधानमंत्री के रूप में दर्शाते हुए ‘Next PM, CM Sahab Maharaj Ji Yogi Ji BJP’ लिखवाया गया है। शरीर पर हमेशा के लिए उकेरी गई इस इबारत ने स्थानीय गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक सबका ध्यान खींचा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ताबिश का कहना है कि उनका यह फैसला किसी क्षणिक लोकप्रियता या दिखावे के लिए नहीं है, बल्कि योगी सरकार की कार्यशैली और प्रशासनिक फैसलों के प्रति उनका गहरा विश्वास है।
उनका मानना है कि प्रदेश में सख्त कानून-व्यवस्था लागू होने से आम नागरिकों का भरोसा बढ़ा है, दंगों और संगठित अपराधों पर प्रभावी लगाम कसी गई है, महिला सुरक्षा के मोर्चे पर ठोस बदलाव देखने को मिला है। उनका यह भी तर्क है कि विकास और सुरक्षा से जुड़ी नीतियों में किसी धर्म या वर्ग के साथ भेदभाव नहीं किया गया।
आमतौर पर राजनीतिक दलों के समर्थक नारों, झंडों या बयानों के जरिए अपनी पसंद जाहिर करते हैं, लेकिन ताबिश ने अपने विचार को स्थायी तौर पर अपने शरीर का हिस्सा बना लिया। उनका मानना है कि मौजूदा नेतृत्व के बाद पूरे देश की बागडोर संभालने की योग्यता सिर्फ योगी आदित्यनाथ में है।
फिलहाल ताबिश के टैटू का ये वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग इसपर जमकर टिप्पणी भी कर रहे हैं। मुस्लिम समुदाय से आने वाले एक युवा पेशेवर का इस तरह खुलकर और इतने अनूठे अंदाज में समर्थन दर्ज कराना अब एक दिलचस्प बहस का विषय बन चुका है।

