जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चटरू इलाके के दूरदराज जंगलों में रविवार (22 फरवरी 2026) को सुरक्षाबलों ने आतंकवाद-रोधी अभियान के दौरान दो आतंकवादी को मार गिराया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
यह मुठभेड़ सुबह करीब 10:30 बजे चटरू बेल्ट के पासेरकुट क्षेत्र में शुरू हुई, जब विशेष खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय सेना, जम्मू और कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की संयुक्त टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खुफिया जानकारी में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकियों की मौजूदगी की सूचना थी।
सुरक्षाबलों के आतंकियों से संपर्क स्थापित होते ही दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों आतंकी मारे जा चुके है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मारा गया आतंकी JeM का कमांडर बताया जा रहा है। हालाँकि उसकी आधिकारिक पहचान, शव की बरामदगी और हथियार-गोलाबारूद से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने आना बाकी है, क्योंकि घने जंगल और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ऑपरेशन जारी है।
इस बीच, सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि पासेरकुट, किश्तवाड़ क्षेत्र में आतंकियों से संपर्क स्थापित हुआ है, इलाके को घेर लिया गया है और मुठभेड़ जारी है।

