काशी में गंगा नदी से निकला विशाल शिवलिंग, मौर्य काल और 2500 साल पुराना होने का दावा: दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

वाराणसी में गंगा नदी से एक विशाल और बेहद भारी शिवलिंग मिलने के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है। सूजाबाद क्षेत्र के शक्ति घाट के पास नाविकों के जाल में यह शिवलिंग फँसा था। इसे उठाने के लिए 10 से 15 लोगों को एक साथ मिलकर मेहनत करनी पड़ी।

स्थानीय लोग और नमामि गंगे के पदाधिकारी इस शिवलिंग को करीब 2500 साल पुराना बता रहे हैं। यह अनोखी घटना 5 जून को हुई थी। नाविक जब गंगा में जाल डाल रहे थे, तभी यह भारी शिवलिंग उसमें फँस गया।

इसका वजन लगभग 200 किलोग्राम का है। शिवलिंग के आकार और काले पत्थर की बनावट को देखकर लोग इसे मौर्य काल का मान रहे हैं। फिलहाल इस प्राचीन शिवलिंग को सूजाबाद के गंगा मंदिर के चबूतरे पर सुरक्षित रख दिया गया है।

भगवान शिव का चमत्कार मानकर बड़ी संख्या में लोग दर्शन और पूजा-पाठ के लिए पहुँच रहे हैं। इसकी सही उम्र का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग को भी सूचना दी गई है।