15 साल पहले PAK से भारत आए अब्बू हुरैरा और उस्मान, पंजाब के मुस्लिम बहुल मलेरकोटला से गिरफ्तार: मजहब के नाम पर युवाओं को कट्टरपंथी बना रहे 3 अन्य भी अरेस्ट

पंजाब के मुस्लिम बहुल इलाके मलेरकोटला से एक संयुक्त कार्रवाई में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान अब्बू गाबा हुरैरा और उस्मान के रूप में हुई है।

इनके पाकिस्तानी नागरिक होने की आशंका जताई जा रही है। दोनों पिछले करीब 15 साल से भारत में रह रहे थे और स्थानीय लोगों को कभी इन पर शक तक नहीं हुआ। दोनों खुद को भारतीय बताते थे। यह कार्रवाई मालेरकोटला पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सामने आई एक अहम सूचना के आधार पर की गई।

एक स्थानीय नशा तस्कर से पूछताछ के दौरान इन दोनों संदिग्धों के बारे में सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया। थाना संदौड़ क्षेत्र के गाँव शेरवानी कोट में छापेमारी कर दोनों को हिरासत में लिया गया। आगे की पूछताछ के लिए दोनों आतंकियों को जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

एक अन्य मामले में CIA और साइबर क्राइम यूनिट ने तीन स्थानीय युवकों फरहान अंजुम, अदनान खान और वारिस अली को गिरफ्तार किया है। वे मजहब के नाम पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेल रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।