बेंगलुरु एयरपोर्ट पर तैनात अफान अहमद ने साउथ कोरियन महिला का किया यौन उत्पीड़न, चेकिंग के नाम पर ले गया था मेल टॉयलेट: शिकायत के बाद गिरफ्तार

बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट स्टाफ अफान अहमद ने रूटीन चेकिंग की आड़ में एक साउथ कोरियन महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया। ये घटना सोमवार 19 जनवरी 2026 की है। आरोपित अफान को गिरफ्तार कर लिया गया है।

KIAL एयरपोर्ट पुलिस का कहना है, “बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर चेकिंग के बहाने एक साउथ कोरियन महिला के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट की घटना सामने आई है। अफान अहमद नाम के एक एयरपोर्ट स्टाफ को एक विदेशी महिला के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है”

पुलिस के मुताबिक, महिला कोरिया जाने के लिए एयरपोर्ट आई हुई थी। टिकट चेकिंग के दौरान अफान अहमद ने कहा कि महिला के बैग से बीप की आवाज आ रही थी और उसने महिला को अलग से चेक कराने के लिए कहा। वह महिला को पुरुषों के टॉयलेट में ले गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया।

महिला ने एयरपोर्ट सिक्योरिटी स्टाफ से शिकायत की। उसे तुरंत एयरपोर्ट पुलिस ने हिरासत में ले लिया। केम्पेगौड़ा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अफान अहमद एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ के रूप में कॉन्ट्रेक्ट पर काम कर रहा था।