पाकिस्तान में छिपे ISIS आतंकियों को अफगान फोर्स ने चुन-चुनकर मारा, कई जगह बम बरसाकर ठिकाने किए तबाह: कहा- हम हर खतरे को निशाना बनाएँगे

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव की वजह से हालात तनावपूर्ण हैं। अफगान वायु सेना ने पाकिस्तान के अंदर ISIS के ठिकानों पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि ‘हम हर खतरे को निशाना बनाएंगे’।

अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार ने दावा किया है कि पाकिस्तान में मौजूद आईएसआईएस के ठिकानों से अफगानिस्तान में हमले की साजिश रची जा रही थी। अफगानिस्तान का ये हमला पाकिस्तानी हवाई हमले के दो दिन बाद किया गया है।

तालिबान का कहना है कि ये कार्रवाई बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में की गई है। तालिबानी हवाई हमले में खैबर पख्तूनख्वा के एक स्कूल को टारगेट किया गया क्योंकि यहाँ आईएसआईएस-के आतंकियों के छिपे होने की बात कही जा रही थी। अफगानिस्तान का दावा है कि इस हमले में कई आतंकी ढेर हुए हैं, लेकिन नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है।

अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि बलूचिस्तान के पिशिन जिला स्थित सरनान इलाके में आईएसआईएस के ज्वाइंटर सेंटर को इस एयरस्ट्राइक के दौरान तबाह कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अफगान फाइटर जेट्स् ने पाकिस्तान में चित्राल की शाह सलीम घाटी में मौजूद आईएसआईएस ठिकानों को बम से उड़ा दिया है। इससे आतंकियों को काफी नुकसान हुआ है।

पाकिस्तान ने अभी तक इस हमले को लेकर बयान जारी नहीं किया है। इससे पहले पाकिस्तान ने 29 जून 2026 को अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक किया था, जिसमें 36 नागरिकों की मौत हो गई थी और 160 से ज्यादा घायल हो गए थे। अफगानिस्तान ने ताजा हमलों को इसका जवाब कहा है।