बंद कमरे में की 4 घंटे बैठक, फिर तत्काल युद्धविराम के लिए तैयार हुए पाकिस्तान-अफगानिस्तान: कतर-तुर्की की मध्यस्थता के बाद लिया फैसला

पाकिस्तान और अफगानिस्तान हाल की सैन्य झड़पों के बाद युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं। यह सहमति कतर के दोहा में आयोजित शांति वार्ता के दौरान बनी, जिसमें कतर-तुर्की दोनों ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई।

बैठक में अफगानिस्तान की ओर से रक्षा मंत्री मुल्ला मुहम्मद याकूब और पाकिस्तान की ओर से रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ शामिल हुए। सबने करीबन साढ़े 4 घंटे बंद कमरे में बैठक की। इसके बाद कतर ने बताया कि दोनों पक्ष स्थायी युद्धविराम और आगे की वार्ताओं पर भी सहमत हुए हैं, ताकि शांति प्रयासों को मजबूती मिल सके। खबर ये भी है कि इस बैठक में तालिबान ने शर्त रखी है कि पाकिस्तान उनके टीटीपी लड़ाकों को रिहा करे।

यह वार्ता उस समय हुई है जब दोनों देशों के बीच डूरंड रेखा पर संघर्ष तेज हो गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान ने पिछले चार सालों में 1,200 से अधिक बार सीमा उल्लंघन किया और 700 से ज्यादा बार अफगान हवाई क्षेत्र का भी अतिक्रमण किया। साल की शुरुआत से अब तक इन हमलों में 102 नागरिकों और सीमा रक्षकों की मौत हो चुकी है।

11 अक्तूबर 2025 को अफगानिस्तान ने सीमित जवाबी कार्रवाई करते हुए पाक चौकियों पर हमला किया था। इससे पहले भी पाकिस्तान के हवाई हमलों में कई नागरिक हताहत हुए थे।