उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के KGMU में लव जिहाद और कन्वर्जन से जुड़े मामले सामने आने के बाद विश्व हिंदू परिषद ने अब ‘लैंड जिहाद’ का आरोप लगाया है। VHP के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप ने कहा कि KGMU चिकित्सा शिक्षा का परिसर है और इसे लव जिहाद या लैंड जिहाद का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि विश्वविद्यालय परिसर में आधा दर्जन से अधिक अवैध मजारें बनी हुई हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से गंभीर खतरा हैं। VHP के अनुसार, अप्रैल 2025 में नेत्र रोग विभाग के पीछे बनी मजार के पास अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला हुआ था, जिसमें कई चिकित्सक घायल हुए थे।
बाद में पुलिस प्रशासन की मदद से वहाँ बनी दुकानों को हटाया गया लेकिन मजार अब भी मौजूद है। संगठन ने ट्रॉमा सेंटर, क्वीनमेरी परिसर, नई OPD और डेंटल बिल्डिंग, डालीगंज स्थित RLC बिल्डिंग और पल्मोनरी विभाग के पास भी मजारों बनी होने की बात कही है।
इस मामले में भाजपा के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा और हिंदू जागरण मंच ने भी जाँच और कार्रवाई की माँग की है। वहीं, KGMU के प्रवक्ता डॉ के के सिंह ने कहा कि कई मजारें हटाई जा चुकी हैं और शेष पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विहिप ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर नियुक्तियों की भी जाँच कराने की माँग की है और चेतावनी दी है कि माँगें न मानी गईं तो आंदोलन किया जाएगा।

