पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उनके कनाडा में चल रहे ऑरा ‘वर्ल्ड टूर 2026’ कॉन्सर्ट का है। वीडियो में भीड़ में शामिल कुछ लोग खालिस्तानी झंडे लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद दिलजीत दोसांझ ने अपना कॉन्सर्ट बीच में रोककर उन लोगों को मंच से ही करारा जवाब दिया। दिलजीत दोसाँझ ने कहा, “जितने झंडे दिखाने है, दिखाते रहो।”
Punjabi singer Diljit Dosanj tells people waking Khalistani flags to leave his show.
— News Arena India (@NewsArenaIndia) May 3, 2026
pic.twitter.com/RxdRnacFxi
वीडियो में दिलजीत दोसांझ कहते दिख रहे हैं, “मेरा काम चैरिटी करना नहीं है। लेकिन मैं जिस भी प्लेटफॉर्म पर जाता हूँ, हमेशा पंजाब के बारे में बात करता हूँ। हम अक्सर कहते हैं कि नेशनल मीडिया पंजाब के बारे में ज्यादा बात नहीं करता। मैं पंजाब की खातिर हर जगह गया। मैंने वहाँ पंजाब के मुद्दे उठाए। जब भी जरूरत पड़ी, मैंने अपने राज्य को दिल खोलकर दान भी दिया है।”
दिलजीत ने आगे कहा, “मैं तो जिमी फैलन के शो में भी पंजाब और ‘गुरु नानक जहाज’ वाली घटना के बारे में बात करने गया था। मैं वहाँ किसी फिल्म या गाने का प्रचार करने नहीं गया था। मैं तो वहाँ पंजाब और उससे जुड़े मुद्दों को दुनिया के सामने लाने गया था, ताकि राष्ट्रीय मीडिया भी उन पर ध्यान दे।”
अपने बयान के आखिर में उन्होंने कहा, “अगर आपको अब भी इस बात से कोई दिक्कत है कि मैं टेलीविजन पर किसी के सामने बैठा था, तो जितने झंडे दिखाने हैं, दिखाते रहो। जहाँ फायदा हो, वहाँ ये सब करो।” इसके बाद खालिस्तानी झंडे दिखाने वाले तीनो व्यक्तियों को कॉन्सर्ट से बाहर कर दिया गया।
इससे पहले भी दिलजीत दोसांझ विवादों में रहे थे, जब उन्होंने अमेरिकी शो ‘द टुनाइट शो स्टारिंग जिमी फॉलन’ में जाकर खुद को भारतीय न बताकर खुद को पंजाब का बताया था। तब सोशल मीडिया पर दिलजीत दोसांझ की कड़ी आलोचना की गई थी, और बहस हुई थी कि क्या ये सिर्फ सांस्कृतिक पहचान बताने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई और उद्देश्य है?

