पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 की प्लेयर नीलामी से पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विदेशी खिलाड़ियों की रजिस्ट्रेशन लिस्ट में मशहूर फिल्मकार विधु विनोद चोपड़ा और अनुपमा चोपड़ा के बेटे अग्नि देव चोपड़ा का नाम अमेरिकी क्रिकेटर के रूप में शामिल था। उनकी बेस प्राइस 6 लाख पाकिस्तानी रुपये तय की गई थी।
PCB की ओर से जारी विदेशी खिलाड़ियों की सूची में अग्नि चोपड़ा को अमेरिका का प्रतिनिधि बताते हुए शामिल किया गया था। यह खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। भारतीय मूल के खिलाड़ी का PSL से जुड़ना संवेदनशील मुद्दा माना जाता है। कई लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर आधिकारिक लिस्ट में नाम बिना सहमति के कैसे शामिल हो सकता है।
प्लेयर ने दी सफाई
विवाद बढ़ने पर अग्नि चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर सफाई दी। उन्होंने लिखा, “एक टूर्नामेंट के संबंध में मेरे नाम से फर्जी और भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि मैंने PSL के लिए पंजीकरण नहीं कराया है। मैं अमेरिका में अपने क्रिकेट सफर और अपने दीर्घकालिक करियर लक्ष्यों पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित कर रहा हूँ। मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि गलत सूचनाओं के झाँसे में न आएँ।” उनकी माँ अनुपमा चोपड़ा ने भी यह पोस्ट शेयर की।
— Anupama Chopra (@anupamachopra) February 7, 2026
हालाँकि यह सफाई आने के बाद भी सवाल बाकी हैं। PCB की ऑफिशियल लिस्ट में नाम होना कोई छोटी गलती नहीं मानी जा सकती। अगर रजिस्ट्रेशन अनधिकृत था, तो अग्नि या उनके परिवार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि नाम आखिर शामिल कैसे हुआ। कई लोग पूछ रहे हैं कि क्या कोई एजेंट या तीसरा पक्ष शामिल था।
भारतीय सिस्टम से विदाई, अब अमेरिकी पहचान
गौरतलब है कि BCCI भारतीय क्रिकेटरों को विदेशी टी-20 लीगों में खेलने की अनुमति नहीं देता है। अगर यह प्रतिबंध न भी होता, तो भी शायद ही कोई भारतीय क्रिकेटर PSL में खेलता। पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर भारत के IPL में खेलने पर प्रतिबंध है।
असलियत यह है कि अग्नि चोपड़ा भारतीय घरेलू क्रिकेट सिस्टम को अलविदा कह चुके हैं। 2024 में भारतीय क्रिकेट में बिना भारतीय पासपोर्ट वाले खिलाड़ियों पर रोक के बाद उन्हें मिजोरम की टीम छोड़नी पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में अपना करियर आगे बढ़ाने का फैसला किया और वहाँ मेजर लीग क्रिकेट में घरेलू खिलाड़ी के रूप में MI न्यूयॉर्क के लिए खेले। ऐसे में अग्नि चोपड़ा अमेरिकी होने के कारण वे किसी भी लीग में खेलने के लिए स्वतंत्र हैं, PSL भी शामिल है।
फिर भी PSL का नाम आते ही दूरी बनाने की कोशिश को दोहरा मापदंड बताया जा रहा है। एक तरफ वैश्विक लीगों में खेलने की आजादी, दूसरी तरफ पाकिस्तानी लीग से परहेज।
इसी विरोधाभास ने सवाल खड़े किए। ऊपर से अनुपमा चोपड़ा की खुद की विवादित पहचान ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।

