‘बँटवारे के लिए मुस्लिम नहीं, कॉन्ग्रेस जिम्मेदार’: जमात को आजादी का पाठ पढ़ाते असदुद्दीन ओवैसी, मौलाना अबुल कलाम की किताब का भी किया जिक्र

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गुजरात के लिंबायत में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कॉन्ग्रेस पर देश के बँटवारे को लेकर तीखा हमला बोला। ओवैसी ने कहा, “क्या कॉन्ग्रेस पार्टी उन लोगों में शामिल नहीं है जो विभाजन के लिए जिम्मेदार थे?” ओवैसी ने आरोप लगाया कि इतिहास को गलत तरीके से पेश कर मुस्लिमों को बँटवारे का जिम्मेदार ठहराया गया।

अपने भाषण में ओवैसी ने मौलाना अबुल कलाम आजाद की किताब ‘इंडिया विन्स फ्रीडम’ का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मौलाना आजाद खुद गाँधी और नेहरू के पास गए थे और उनसे हाथ जोड़कर गुहार लगाई थी कि देश का बँटवारा न होने दें। फिर बँटवारे के लिए मुस्लिम जिम्मेदार कैसे हो गए? क्या कॉन्ग्रेस पार्टी उन फैसलों में शामिल नहीं थी?”

BJP को नहीं रोक सकती कॉन्ग्रेस: ओवैसी

भाषण के दौरान ओवैसी ने कहा, “वोट एक अमानत है, वोट को इस्तेमाल करो अपनी जमात के लिए, वोट को इस्तमाल करो ताकि गुजरात में हम बता दे कि हम लावारिस नहीं हम इंसान हैं, हम इंसान हैं और हमारी आवाज को सुना जाएगा। याद रखो नौजवानों, आवाज उसी की सुनी जाएगी जिसका लीडर होगा।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर तुम समझोगे के कॉन्ग्रेस और दूसरी पार्टी को वोट डालने से हम BJP को रोक सकते हैं, ये BJP को नहीं रोक सकते हैं, BJP को अगर कोई रोक सकता है और संविधान के दायरे में रह कर, उनकी आँख में आँख डाल कर, हम अपने अधिकार को मनवा सकते हैं, तो उस पार्टी का नाम ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन है।”