‘इसमें क्या दिक्कत है’: गंगा में हड्डी फेंकने वाले मुस्लिम युवकों के समर्थन में आए अखिलेश यादव, प्रशासन पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में नान वेज बिरयानी की पार्टी कर हड्डियों को नदी में फेंकने वाले मुस्लिम युवकों के समर्थन में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी आए गए हैं। अखिलेश यादव ने यूपी सरकार और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आखिर नाव पर इफ्तार करने में क्या दिक्कत है।

अखिलेश यादव ने लखनऊ में एक इफ्तार कार्यक्रम के दौरान कहा कि प्रशासन ऐसी कार्रवाई सरकार को खुश करने के लिए कर रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उन युवकों ने हथेली गरम कर दी होती, तो शायद उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।

सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि समाज में दूरी पैदा करने के लिए इस तरह के मुद्दे उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब गंगा में बड़े जहाज चलते हैं, जिनमें शराब परोसी जाती है और गंदगी नदी में जाती है, तब उन पर कार्रवाई क्यों नहीं होती।

अखिलेश यादव ने कहा कि त्योहार कहीं भी मनाया जा सकता है, फिर नाव पर इफ्तार करने पर रोक क्यों। उनके मुताबिक, यह पूरा मामला बेवजह बढ़ाया गया है और प्रशासन को निष्पक्ष होकर काम करना चाहिए।