उत्तर प्रदेश की अलीगढ़ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी जनवरी महीने में पकड़े गए 700 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित गोमांस की तस्करी के मामले में हुई है।
फोरेंसिक लैब की जाँच रिपोर्ट में प्रतिबंधित मांस की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया है। यह पूरा मामला 15 जनवरी 2026 की रात का है। गोरक्षा दल के सदस्यों को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में प्रतिबंधित मांस ले जाया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं ने गभाना टोल प्लाजा के पास एक लोडर वाहन को घेराबंदी करके रोका। इस वाहन में बर्फ के सहारे बक्सों में भरकर रखा गया मांस बरामद हुआ था। जाँच करने पर इस मांस का कुल वजन 700 किलोग्राम से ज्यादा निकला था।
#Aligarhpolice
— ALIGARH POLICE (@aligarhpolice) June 19, 2026
थाना चण्डौस पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0 12/2026 धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम, 325/61(2) बीएनएस व 3/5/8 गोवध अधिनियम से संबंधित 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के संबंध में- #UPPolice pic.twitter.com/IsaDOCYsSE
लैब रिपोर्ट आते ही खुली पोल
वाहन पकड़े जाने के बाद पुलिस ने मांस का सैंपल जाँच के लिए मथुरा की प्रयोगशाला में भेजा था। अप्रैल महीने में प्रयोगशाला से आई रिपोर्ट में साफ हो गया कि यह मांस किसी आम जानवर का नहीं बल्कि संरक्षित पशु का था।
पुलिस जाँच में यह बात सामने आई कि यह प्रतिबंधित मांस खुर्जा की ‘अलहम्द मीट फैक्ट्री’ से सप्लाई किया गया था। इस फैक्ट्री के मालिक पूर्व केंद्रीय मंत्री के भाई अनवर हुसैन हैं। थाना चंडौस पुलिस ने पहले गुरुवार (18 जून) शाम को अनवर के नौकर इस्लाम खान को गिरफ्तार किया।
उत्तर प्रदेश : अलीगढ़ पुलिस ने पूर्व मंत्री सरवर हुसैन के भाई अनवर हुसैन को गिरफ्तार किया है। पिछले साल हिंदू संगठनों ने मांस से भरी एक गाड़ी पकड़ी थी। अब फोरेंसिक लैब से आई रिपोर्ट में पता चला है कि वो मांस प्रतिबंधित/संरक्षित पशु का था। मीट की सप्लाई अनवर हुसैन की फैक्ट्री से… pic.twitter.com/DL8BVge0I8
— Sachin Gupta (@Sachingupta) June 20, 2026
इसके बाद शुक्रवार (19 जून) सुबह पुलिस ने मुख्य आरोपित अनवर हुसैन को खुर्जा स्थित उनके घर से दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गोवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कौन है आरोपित अनवर हुसैन?
अनवर हुसैन इलाके का बेहद रसूखदार और बड़ा कारोबारी हैं। वह मुंडाखेड़ा सड़क पर स्थित ‘अलहम्द मीट फैक्ट्री’ का मालिक है। इसी फैक्ट्री से प्रतिबंधित मांस की सप्लाई की गई थी। इसके अलावा मुंडाखेड़ा चौराहे पर उसका पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी भी है। अनवर हुसैन का भाई सरवर हुसैन साल 1989 में बुलंदशहर से सांसद चुने गए थे। वह चंद्रशेखर सरकार में केंद्रीय खाद्य और नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री भी रहे हैं।

