केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार (14 मार्च 2026) को पंजाब के मोगा में आयोजित ‘बदलाव रैली’ के जरिए 2027 के विधानसभा चुनावों का बिगुल फूँक दिया है। केसरिया पगड़ी पहनकर मंच पर पहुँचे अमित शाह ने साफ कर दिया कि पंजाब अब बदलाव के लिए तैयार है।
अमित शाह ने राज्य की ज्वलंत समस्याओं पर सीधा प्रहार करते हुए वादा किया कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है, तो महज 2 साल के भीतर नशे के जाल को पूरी तरह उखाड़ फेंका जाएगा और BJP की सरकार बनते ही जबरन धर्मांतरण रोकने के लिए पहला बिल लाया जाएगा।
लाइव देखें: केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah पंजाब के मोगा में बदलाव रैली को संबोधित करते हुए। https://t.co/yhd60l8OCm
— BJP (@BJP4India) March 14, 2026
नशे और धर्मांतरण पर ‘आर-पार’ की जंग
अमित शाह के संबोधन का सबसे बड़ा फोकस पंजाब की युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहे नशे और राज्य में बढ़ रहे धर्मांतरण के मुद्दे पर रहा। अमित शाह ने कहा कि आज पंजाब का युवा खेतों और खेल के मैदानों के बजाय नशे की वजह से नालियों में मिल रहा है।
शाह ने हुंकार भरते हुए कहा, “भाजपा सरकार आते ही नशे के सौदागरों को जेल भेजा जाएगा।” साथ ही, उन्होंने धर्मांतरण को एक ‘धार्मिक संकट’ बताते हुए कहा कि सिख गुरुओं ने धर्म की रक्षा के लिए अपनी जान दी थी, इसलिए भाजपा धर्मांतरण के खिलाफ कड़ा कानून लाकर गुरुओं की विरासत की रक्षा करेगी।
सिख समुदाय को न्याय और कॉन्ग्रेस पर निशाना
अमित शाह ने कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दशकों तक सिख दंगा पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, लेकिन मोदी सरकार ने न केवल दोषियों को जेल पहुँचाया बल्कि पीड़ितों को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी।
अमित शाह ने याद दिलाया कि कॉन्ग्रेस ने अकाल तख्त पर हमला कराया और हिंदू-सिखों के बीच दरार पैदा की। उन्होंने कहा कि करतारपुर कॉरिडोर मोदी सरकार की इच्छाशक्ति से खुला और अगर आजादी के वक्त भाजपा होती, तो करतारपुर आज भारत का हिस्सा होता।
आम आदमी पार्टी को बताया ‘केजरीवाल का ATM’
पंजाब की वर्तमान सरकार को घेरते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अब सिर्फ ‘केजरीवाल का ATM’ बनकर रह गई है।
पंजाब के हक का पैसा और यहाँ के हेलीकॉप्टर दूसरे राज्यों के चुनावों और दौरों में उड़ाए जा रहे हैं। शाह ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के लिए सीधे तौर पर दिल्ली के हस्तक्षेप को जिम्मेदार ठहराया।
किसानों के लिए MSP और विकास का वादा
किसानों को भरोसा दिलाते हुए शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने कृषि बजट को कई गुना बढ़ाकर 1.40 लाख करोड़ कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में सबसे ज्यादा फसलों की खरीद MSP पर हो रही है और किसानों को अफवाहों से बचना चाहिए।
रैली में प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी संबोधित किया और कहा कि पंजाब को अब ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत है ताकि राज्य की खोई हुई रौनक वापस आ सके।

