‘दोषियों को ऐसा सजा देंगे कि पूरी दुनिया याद रखेगी’: दिल्ली आतंकी धमाके पर अमित शाह का कड़ा रुख, कहा- दोबारा कोई भारत पर हमला करने की नहीं सोच पाएगा

दिल्ली में लाल किला के पास हुए धमाके को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सख्त चेतावनी दी है। अमित शाह ने कहा कि दिल्ली धमाके के दोषियों को इतनी कड़ी सजा दी जाएगी कि पूरी दुनिया देखेगी और भविष्य में कोई भी व्यक्ति भारत में इस तरह के हमले की हिम्मत नहीं करेगा।

अमित शाह ने यह बयान गुरुवार (13 नवंबर 2025) को गुजरात के मोती भाई चौधरी सागर सैनिक स्कूल के एक कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए दिया। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने दिल्ली धमाके के मृतकों को श्रद्धांजलि दी। अमित शाह ने कहा, “इस आतंकी घटना के जिम्मेदारी सभी लोगों को कड़ी सजा दिलाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प जरूर पूरा होगा।”

अमित शाह ने आगे कहा, “दिल्ली आतंकी हमले के दोषियों को मिलने वाली सजा पूरे देश के लिए कड़ा संदेश साबित होगी कि कोई भी भारत में हमले की कोशिश न करे। इस कायराना हरकत के दोषी और पीछे छिपे लोगों को कानून के दायरे में लाया जाएगा और हर संभव कड़ी सजा दी जाएगी।”