अमृतसर में हरजीत सिंह ने हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों पर जूते मारे और थूका, वीडियो वायरल होने के बाद माफी माँगी: पुलिस ने किया गिरफ्तार

पंजाब के अमृतसर में हरजीत सिंह उर्फ गुड्डू नाम के एक व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों पर पैर रखने, जूते मारने और थूकने की घटना सामने आई है। इस आपत्तिजनक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने आरोपित को अरेस्ट कर उसके खिलाफ धार्मिक भावनाएँ आहत करने का केस दर्ज किया है।

वायरल वीडियो के पहले भाग में पगड़ी पहने आरोपित को किसी घर के पिछले हिस्से में पड़े बैनरों पर लगी हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरों का अपमान करते देखा जा सकता है। वीडियो में वह पहले झाड़ू उठाता है, फिर जमीन पर पड़ी तस्वीरों पर जूते पहनकर खड़ा होता है और उन पर पैर रखकर जूते मारता है।

इतना ही नहीं वह जूतों के तलवे साफ करता है और दूसरी तस्वीरों पर भी यही हरकत दोहराता है। अंत में वह देवी की तस्वीर पर थूकता भी दिखाई देता है।

लगे थप्पड़ तो माँगी माफी

वीडियो वायरल होने के बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसमें एक युवक खुद को जिला कॉन्ग्रेस कमेटी का जनरल सेक्रेटरी नमन कपूर बताते हुए आरोपित के घर पहुँचता है। वीडियो में नमन कपूर आरोपित से उसकी हरकतों को लेकर सवाल करता है और उसे थप्पड़ मारते हुए नाराजगी जताता है।

इसके बाद आरोपित कान पकड़कर और हाथ जोड़कर माफी माँगता नजर आता है। आसपास मौजूद लोग भी उसकी कड़ी आलोचना करते दिखते हैं।

हिंदू संगठनों का आक्रोश, सख्त कार्रवाई की माँग

घटना के बाद ऑल इंडिया हिंदू संघर्ष कमेटी सहित अन्य संगठनों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की। संगठनों ने पुलिस को चेताया कि मामले को मानसिक बीमारी बताकर हल्का न किया जाए, क्योंकि इससे धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुँची है। शिकायत के आधार पर अमृतसर पुलिस ने BNS की धारा 298 के तहत धार्मिक भावनाएँ आहत करने का मामला दर्ज किया है।

जाँच में सामने आया कि घटना नानक मंडी इलाके की गंडावाली गली के पास की है। थाना बी डिवीजन के SHO शमिंदर सिंह ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस तरह की आपत्तिजनक हरकत क्यों की।